मुठभेड़ में दबोचे दो बदमाश,गोली लगने से एक घायल
उत्तर प्रदेश का शातिर अपराधी चढ़ा हत्थे, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद
देहरादून (उद संवाददाता)। बीती देर रात थाना बसंत विहार पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए बदमाशों में से एक पश्चिमी उत्तर प्रदेश का वांछित अपराधी है, जिस पर सहारनपुर, मेरठ और गाजियाबाद में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात बसंत विहार पुलिस हरबंशवाला बैरियर पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक नीली रंग की बिना नंबर वाली स्कूटी पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे तेजी से टी स्टेट की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने जब पीछा किया तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग झोंक दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जिसे घेराबंदी कर साथी समेत दबोच लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल्ला और शाहनवाज सलमानी के रूप में हुई है। मुठभेड़ में अब्दुल्ला के पैर में गोली लगी है। बदमाशों के कब्जे से -315 बोर के दो अवैध देशी तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना बसंत विहार में बीएनएस की धारा 109/3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है।
