अवैध अतिक्रमण पर गरजी जेसीबी,खताड़ी क्षेत्र में पक्के निर्माणों को किया ध्वस्त
रामनगर। नगर पालिका प्रशासन ने सोमवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ एक बार फिर सख्त रुख अख्तियार करते हुए जेसीबी मशीन के जरिए दर्जनों पक्के अवैध निर्माणों को ढहाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री पुष्कर दुर्गापाल और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ;ईओद्ध आलोक उनियाल के बीच जमकर तीखी बहस हुई। इस भारी विरोध और गरमागरम बहस के चलते पालिका की टीम को कुछ खोखों को बिना तोड़े ही मौके से बैरंग वापस लौटना पड़ा।अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए ईओ आलोक उनियाल ने बताया कि पालिका की टीम द्वारा आज मोहल्ला खताड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि इस इलाके में कई लोगों ने नाली के ऊपर अवैध रूप से कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया था, जिससे जल निकासी की समस्या पैदा हो रही थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए नाले के ऊपर किए गए सभी अवैध पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही एक चौराहे पर सड़क की भूमि दबाकर अवैध रूप से लगाए गए लोहे के शटर और टीन शेड को भी जेसीबी की मदद से हटा दिया गया। ईओ ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन पर इस क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद जिलाधिकारी और एसडीएम रामनगर के आदेशों के अनुपालन में यह कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।कार्रवाई के दौरान पालिका की टीम ने कई स्थानों पर अतिक्रमणकारियों का सामान भी जब्त किया है। हालांकि, क्षेत्र में स्थित 4 से 5 खोखों को हटाने के दौरान स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। इस संबंध में ईओ आलोक उनियाल ने बताया कि संबंधित खोखा स्वामियों ने जिलाधिकारी को अपना प्रार्थना पत्र प्रेषित किया है और फिलहाल उन सभी खोखों की चाबियां पालिका प्रशासन ने अपने कब्जे में ले ली हैं। उन्होंने बताया कि मानवीय आधार पर इन लोगों को अपना सामान समेटने के लिए 3 दिन का समय दिया गया है। यदि 3 दिन के भीतर अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाया गया, तो पालिका प्रशासन पुनः ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाएगा। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए पालिका का यह अभियान भविष्य में भी अनवरत जारी रहेगा।
