कुत्ते को घुमा रहे व्यक्ति की वाहन की चपेट में आने से मौत
परिवार का इकलौता कमाने वाला था मृतक, घर में कोहराम
देहरादून । राजधानी देहरादून में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के मोहकमपुर आईआईपी के पास का है, जहां मंगलवार सुबह एक अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तरकाशी जनपद के कुथनौर गांव निवासी अनोद नौटियाल (38) वर्तमान में नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में रह रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे वे रोज की तरह अपने पालतू कुत्ते को घुमाने निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक कुत्ता हाईवे की ओर तेजी से भागने लगा, जिसे पकड़ने के लिए अनोद भी उसके पीछे दौड़ पड़े। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बेकाबू बोलेरो कैंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनोद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था, लेकिन कुछ ही समय बाद उसने स्वयं नेहरू कॉलोनी थाने पहुंचकर पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन को सीज कर दिया गया है। अनोद नौटियाल के आकस्मिक निधन से उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि अनोद अपने परिवार में इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। वे अपने पीछे पत्नी, तीन बच्चे, वृद्ध माता-पिता, एक बहन और दो छोटे भाइयों का भरा-पूरा परिवार बिलखता छोड़ गए हैं। घर के मुख्य स्तंभ की मौत के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है।
