Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चंपावत में गैस एजेंसी प्रबंधक ने जहर खाकर दी जान, घटना के बाद गैस एजेंसियों में लटके ताले

चंपावत (उद संवाददाता)। कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा संचालित चंपावत गैस एजेंसी के प्रबंधक ने अज्ञात कारणों के चलते रविवार रात विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। आनन फानन में उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के चलते आज कुंमाऊ भर की गैस एजेंसियों में कामकाज ठप रहा जिस कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से चंपावत में इंडेन गैस एजेंसी का संचालन किया जाता है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात गैस एजेंसी के प्रबंधक 55 वर्षीय दयाल रावत ने अपने आवास पर अज्ञात कारणों के चलते विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर पड़ोसियों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने उनके निवास स्थान की गहनता से पड़ताल की लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में चर्चा है कि गैस प्रबंधक दयाल रावत पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रहे थे। वहीं कुछ लोगों का यह भी कहना है कि गैस वितरण की व्यवस्था और काम के भारी दबाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और विभाग के कर्मचारियों में शोक की लहर है। घटना के चलते आज कुमांऊ भर की गैस एजेसियों में ताले लटके रहे। रूद्रपुर में भी गैस एजेंसी बंद रही। गैस एजेंसियों में काम काज ठप होने से उपभोक्ताओं को भारी फजीहत उठानी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *