Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दो बाइकों की भिड़ंत में तीन युवक घायल, एक की हालत गंभीर

पीरूमदारा में तेज रफ्तार बाइक ने दूसरी बाइक को पीछे से मारी टक्कर
रामनगर (उद संवाददाता)। रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला जहां दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में तीन युवक घायल हो गए। हादसा कुंदन स्वीट्स के पास नेशनल हाईवे 309 रामनगर काशीपुर मार्ग पर हुआ जहां तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर दुर्घटना का कारण बनी। जानकारी के अनुसार एक बाइक पर सवार मालधन निवासी रोहित और राजेश जिनकी उम्र करीब 17 वर्ष है, देर शाम पीरूमदारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरी बाइक सवार शक्तिनगर निवासी सरताज ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। घायल रोहित ने बताया कि वह ग्रीन फील्ड स्कूल पीरूमदारा से वॉलीबॉल खेलकर लौट रहा था और अपने एक दोस्त को छोड़ने जा रहा था तभी पीछे से आ रहे सरताज की बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों का संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर हर्ष ने बताया कि तीनों घायलों का उपचार किया गया जिसमें राजेश की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं रोहित और सरताज का इलाज अस्पताल में ही जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और असावधानी से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है। पुलिस और प्रशासन लगातार सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं लेकिन इसके बावजूद ऐसे हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *