Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मेयर का सख्त एक्शन,जनता को आया पसंद : गैस वितरण व्यवस्था सुधरने की जगी उम्म्मीद

रुद्रपुर। शहर में गैस वितरण को लेकर लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्था और जनता की परेशानी के बीच आिखरकार मेयर विकास शर्मा का सख्त रुख लोगों को राहत देता नजर आ रहा है। भले ही यह एक्शन थोड़ी देर से आया, लेकिन जिस अंदाज में मेयर ने मोर्चा संभाला, उसने जनता का भरोसा जीत लिया। लोगों ने खुलकर मेयर के इस कदम की सराहना करते हुए उनका आभार जताया है।दरअसल, पिछले कई दिनों से शहर में गैस सिलेंडर की किल्लत और वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। उपभोक्ताओं को घंटों लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा था, जबकि होम डिलीवरी व्यवस्था लगभग ठप थी। इस बीच जनप्रतिनिधियों की ओर से सिर्फ बयानबाजी होती रही, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं दिखी। ऐसे माहौल में शनिवार को मेयर विकास शर्मा ने खुद कमान संभाली।शनिवार को काशीपुर बायपास रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी से लोगों के आक्रोश की दर्पण न्यूज में लाइव न्यूज का संज्ञान लेते हुए मेयर सीधे काशीपुर बायपास स्थित इंडेन गैस एजेंसी पहुंच गए। मौके पर भारी भीड़, अफरा-तफरी और उपभोक्ताओं के आक्रोश को देखकर उनका पारा चढ़ गया। जांच में सामने आया कि ठेकेदार और डिलीवरी बॉय की मिलीभगत से गैस वितरण में खेल चल रहा था। इस पर मेयर ने तुरंत सख्ती दिखाते हुए प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद ठेकेदार को पुलिस हिरासत में लिया गया। मेयर ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि किसी भी कीमत पर जनता का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो नगर निगम खुद गैस वितरण की जिम्मेदारी संभालेगा और घर-घर सिलेंडर पहुंचाया जाएगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश की सरकार की छवि खराब करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे नगर निगम क्षेत्र में गैस वितरण के लिए नया रोस्टर तैयार किया गया। शहर को विभिन्न जोनों में बांटकर डोर-टू-डोर डिलीवरी को अनिवार्य किया गया है, जिससे अब उपभोक्ताओं को एजेंसी पर लाइन लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही लापरवाही बरतने वाले डिलीवरी कर्मियों पर भी कार्रवाई की गई।मेयर के इस कड़े और त्वरित एक्शन के बाद शहर में गैस वितरण व्यवस्था पटरी पर लौटने की उम्मीद जगी है। जनता का कहना है कि अगर पहले ही इस तरह की सख्ती दिखाई जाती तो उन्हें इतनी परेशानी नहीं उठानी पड़ती। फिलहाल, मेयर विकास शर्मा का यह एक्शन लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और उन्हें एक सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में सराहा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *