ब्रिगेडियर हत्याकांड में दो फरार आरोपी दबोचे, एक को लगी गोली
देहरादून (उद संवाददाता)। थाना राजपुर क्षेत्र के अंतर्गत रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी मर्डर केस में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात पुलिस को जोहड़ी गांव के पास ब्रिगेडियर की हत्या में शामिल संदिग्ध बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया, तो गुनियाल गांव के जंगल के पास एक बदमाश को दबोच लिया गया। वहीं, दूसरे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय मोहम्मद कावीश हुसैन त्यागी निवासी मुजफ्फरनगर और 21 वर्षीय शांतनु त्यागी निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है। उल्लेखनीय है कि 29 मार्च की देर रात ये आरोपी कुठालगेट स्थित एक रेस्टोरेंट पहुंचे थे, जहां 40 हजार रुपये के बिल को लेकर इनका स्टाफ के साथ विवाद और मारपीट हुई थी। विवाद के बाद 30 मार्च की सुबह आरोपी बार स्टाफ की फॉर्च्यूनर का पीछा करते हुए जोहड़ी गांव पहुंचे और चलती कार से फायरिंग कर दी। इस दौरान सड़क पर सैर कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के सीने में गोली लग गई, जिससे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब तक कुल 9 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले भी पुलिस सात आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में कड़ी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं।
