युवक ने खुद को गोली से उड़ाया : युवती के साथ की थी मारपीट
हरिद्वार (उद संवाददाता)। बहादराबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते अपनी कनपटी पर पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूर्व युवक ने गांव की ही एक युवती के साथ मारपीट की थी और उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गया था। पुलिस ने लोकेशन के आधार पर पीछा किया, लेकिन जब तक टीम पहुंची, युवक खुदकुशी कर चुका था। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश के फैजाबाद निवासी एक युवती, जो वर्तमान में जमालपुर की राम वाटिका में रहती है, ने कोतवाली रानीपुर की गैस प्लांट चौकी पर सूचना दी। युवती ने बताया कि उसके गांव का रहने वाला सुजेश पुत्र वंशराज वर्मा उसे जमालपुर चौक के पास मिला। सुजेश के पास एक पिस्टल थी, जिससे उसने युवती को डराया, उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन छीनकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए युवती से सुजेश का नंबर लिया और सर्विलांस के माध्यम से उसकी लोकेशन ट्रैक करनी शुरू की। पुलिस टीम जब लोकेशन का पीछा करते हुए इंडियन वोटिंग प्लांट (गैस प्लांट क्षेत्र) बहादराबाद की बाउंड्री वॉल के पीछे पहुंची, तो वहां का दृश्य देखकर दंग रह गई। खाली मैदान में सुजेश का शव खून से लथपथ पड़ा था। उसने अपनी ही पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर जीवनलीला समाप्त कर ली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम-प्रसंग और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है कि युवक के पास पिस्टल कहां से आई और उसने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया। फिलहाल क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।
