चंपावत साइंस सेंटर का मुख्यमंत्री ने किया अवलोकन, निर्माण कार्यों का लिया जायजा
चंपावत (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने चंपावत भ्रमण के दौरान निर्माणाधीन साइंस सेंटर का गहन अवलोकन किया और स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और यह साइंस सेंटर युवाओं के लिए ज्ञान-विज्ञान का एक आधुनिक केंद्र साबित होगा। निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री ने कहा कि धामी सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम तकनीक जैसी भविष्य की तकनीकों को विशेष प्रोत्साहन दे रही है। प्रदेश के युवाओं को कुशल और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई विशिष्ट कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि चंपावत का यह साइंस सेंटर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा जो न केवल स्थानीय छात्रें बल्कि शोधकर्ताओं के लिए भी मील का पत्थर बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के प्रयासों से प्रदेश में विज्ञान के प्रति युवाओं का आकर्षण तेजी से बढ़ रहा है और शिक्षा व अनुसंधान को एक नया आयाम मिल रहा है। संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब स्टार्टअप और इनोवेशन के केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का प्रत्येक युवा आधुनिकतम तकनीक से लैस हो और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में खड़ा हो सके। भविष्य की तकनीकों से जुड़कर ही उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकेगा। उन्होंने कहा कि चंपावत को आदर्श जनपद बनाने की दिशा में यह एक बड़ी पहल है जिससे पर्यटन के साथ-साथ शैक्षणिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि सेंटर के भीतर बच्चों के लिए रोचक और ज्ञानवर्धक दीर्घाएं तैयार की जाएं ताकि उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित हो सके। इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
