Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

घर में गैस सिलेण्डर फटने से चार लोग घायल

रूद्रपुर । कृष्णा कालोनी ट्रांजिट कैम्प में खाना बनने के दौरान घर में धधकते सिलेंडर के अचानक फट जाने से परिजनों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान घर में आग की चपेट में आकर गृहस्वामी उसकी पत्नी व पुत्र तथा उसी दौरान कमरे में आई पड़ोसी महिला गंभीर रूप से झुलस गये जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां पिता पुत्र की हालत चिंताजनक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी रैफर कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैम्प कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि ट्रांजिट कैम्प की कृष्णा कालोनी निवासी किरायेदार लोकेश कुमार मूल निवासी ग्राम खमरिया पुर पीलीभीत उप्र की पत्नी 30 वर्षीय गोमती देवी मंगलवार प्रातः करीब 7ः30 बजे घर में छोटे सिलेंडर से खाना बना रही थी। बताया जाता है कि उसने गर्म तवा भूलवश गैस पाईप पर रख दिया। जिससे कुछ ही देर में पाइप से गैस का रिसाव होने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई। घर में आग लगते देख परिजनों में अफरा तफरी मच गई। तब तक आग बढ़ते हुए सिलेंडर तक जा पहुंची और सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। जिससे आग सारे घर में फैल गई और घर की दीवार चटक गई। इतना ही नहीं पड़ोस के घर की दीवारों को भी नुकसान पहुंच गया। इस बीच घर में आग की चपेट में आकर गृह स्वामी लोकेश कुमार सहित उसकी पत्नी गोमती देवी, पुत्र 10 वर्षीय नीरज व पड़ोसी महिला मीरा पत्नी हरस्वरूप गंभीर रूप से झुलस गये। सभी को उपचार के लिए तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया। इसी दौरान मामले की सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैम्प कोतवाली पुलिस व दमकल कर्मी वहां आ पहुंचे और उन्होंने आग पर काबू पाया। चिकित्सकों ने बताया कि लोकेश लगभग 50 प्रतिशत व नीरज लगभग 90 प्रतिशत झुलस गये हैं। उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी रैफर कर दिया गया है। वहीं गोमती देवी व मीरा का प्राथमिक उपचार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *