Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कमरे में बेटे को मृत देख उड़े होश : घर में बेटे को छोड़कर गांव गए थे परिजन

देहरादून। देहरादून से बुरी खबर सामने आ रही है। अपने 27 साल के बेटे को घर में छोड़कर गांव गए परिजनों के पैरों तले उस समय जमीन खिसक गई जब वो पांच दिन बाद गांव से घर लौटे। घटना पटेलनगर थाना क्षेत्र के विद्या विहार फेज-2 की है। जानकारी के अनुसार दंपति अपने बेटे आकाश (27) को घर पर ही छोड़कर अपने गांव टिहरी गए थे। रविवार को गांव से आकाश की मां ने बेटे से फ़ोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो आकाश का फ़ोन बंद आया। काफी देर बाद भी फ़ोन नहीं खुला तो उन्हें चिंता होने लगी। चिंतित परिजन गांव से देहरादून के लिए रवाना हो गए। देर रात जब दंपति घर लौटा, तो आकाश का कमरा अंदर से बंद था। बार-बार दरवाज़ा खटखटाने पर भी जब बेटे की तरफ़ से कोई जवाब नहीं मिला, तो घर वालों ने खिड़की से अंदर झांका। अंदर का नज़ारा देखते ही, उनके पैरों तले ज़मीन खिसक गई। आकाश बेड के पास पड़ा हुआ था। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ कर युवक का शव कब्जे में लिया। मामले को लेकर थाना प्रभारी प्रमेंद्र शाह ने बताया कि शव करीब पांच दिन पुराना लग रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *