रिश्वत लेते वन विभाग का कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार
अल्मोड़ा। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हल्द्वानी सेक्टर की सतर्कता टीम द्वारा की गई, जिसने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाकर आरोपी को दबोचा।प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में दर्ज शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोपी की पहचान नवीन नौटियाल के रूप में हुई है, जो वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय जागेश्वर में बाबू/फॉरेस्टर के पद पर तैनात है।शिकायतकर्ता जय प्रकाश ने सतर्कता विभाग को सूचित किया था कि आरोपी उससे लीसा गडान-ढुलान कार्य के पंजीकरण नवीनीकरण तथा लंबित बिलों के भुगतान के नाम पर 25,500 रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत की पुष्टि के बाद सतर्कता टीम ने योजना बनाकर आरोपी को रिश्वत की रकम लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया।गिरफ्रतारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की दिशा में एक सख्त संदेश गया है।सतर्कता अधिष्ठान ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि ऐसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
