Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नजूल भूमि पर बसे लोगों के हितों के लिए सरकार चिंतितःपंत

रुद्रपुर,12नवम्बर। नजूल भूमि पर बसे लोगों को उजाड़ने से बचाने के लिए प्रदेश सरकार बेहद चिंतित है और इसके लिए सरकार द्वारा सभी सम्भव प्रयास किये जा रहे हैं। पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश के काबीना मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा प्रदेश में अतिक्रमण हटाने एवं नजूल भूमि पर बसे परिवारों के संबंध में जो आदेश दिये गये हैं उसका पालन करना सरकार का प्रथम दायित्व बनता है। फिर भी सरकार द्वारा नजूल भूमि बसे परिवारों के हितों की रक्षा के लिए सभी सम्भव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में सरकार द्वारा माननीय सर्वोच्च न्यायालय की शरण भी ली गयी है। उन्होंने बताया कि जून 2017-18 में सरकार द्वारा इस मुद्दे को लेकर याचिका भी दाखिल करायी गयी और रास्ता निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नजूल भूमि के वर्ष 2009 के नोटिफिकेशन को भी न्यायालय में पेश किया गया है और इसका वैधानिक हल निकाला जायेगा। श्री पंत ने कहा कि संगठन महामंत्री संजय के खिलाफ महिला द्वारा तहरीर दिये जाने की बात सामने आयी है। इस संदर्भ में जांच अधिकारी नियुक्त कर दिया गया है जिसके द्वारा निष्पक्ष जांच की जा रही है। उनका कहना था कि जांच के पश्चात पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय की प्रमुख समस्या ट्रचिंग ग्राउण्ड की है जिसके समाधान के लिए सरकार प्रयास कर रही है और भूमि का चयन करने के पश्चात इस मामले में भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या के दबाव के कारण विभिन्न समस्याएं सिर उठा रहीहैं जिनके समाधान के लिए सरकार ने कार्य भी किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नगर निकायों पर 354 करोड़ रूपए खर्च किये जा चुके हैं और अवस्थापना के कार्य भी कराये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रूद्रपुर में पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाये गये हैं। यह जिला औद्योगिक जिले के नाम से पहचाना जाता है और इसे पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित ट्रचिंग ग्राउण्ड में कूड़े से वैकल्पिक ऊर्जा उत्पादन पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रांजिट कैंप के मुख्य मार्ग के निर्माण के लिए कुछ धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है और शीघ्र ही मार्ग निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जायेगा जिससे क्षेत्रवासियों की प्रमुख समस्या का समाधान संभव हो सकेगा। महानगर अध्यक्ष हरीश सुखीजा द्वारा दिये गये इस्तीफे को लेकर उन्होंने बताया कि उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दिया है। अभी उनसे पार्टी स्तर पर वार्ता की जा रही है और उन्हें विश्वास है कि वह शीघ्र ही संगठन से जुड़ जायेंगे। उन्होंने बताया कि निकाय चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाते हैं। भाजपा सरकार के अभी तक के कार्यकाल में प्रदेश में चहुंमुखी विकास हुआ है और विकास की बदौलत ही भाजपा आगामी निकाय चुनाव में प्रदेश में सभी निगम अध्यक्ष पद पर जीत हासिल करेगी। नगर पालिका व नगर पंचायत के चुनाव परिणाम में भी भारी जीत हासिल करेगी। वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, विधायक राजकुमार ठुकराल, राजेश शुक्ला व मेयर पद के पार्टी प्रत्याशी रामलाल आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *