सीएम ने हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
देहरादून (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित एक सादे कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय बहुगुणा के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके द्वारा समाज और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने स्वर्गीय बहुगुणा के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक असाधारण प्रतिभा के धनी, दूरदर्शी राजनेता और अत्यंत कुशल प्रशासक थे। उन्होंने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी और वे समाज के गरीब व कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर समर्पित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुगुणा जी का राजनीतिक कौशल और जनकल्याण के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत बनी रहेगी।
