ट्रेन की चपेट में आने से टेंपो स्टैंड के मुंशी की दर्दनाक मौत
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से टेंपो स्टैंड के एक मुंशी की मौत हो गई। इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार, भूरारानी खुशी इनक्लेव वार्ड 31 निवासी 26 वर्षीय करन खेड़ा पुत्र ललित खेड़ा रुद्रपुर टेंपो स्टैंड में मुंशी के रूप में कार्यरत था।बताया जा रहा है कि रविवार रात वह किसी कार्यवश कहीं गया हुआ था। रात्रि करीब 12 बजे के आसपास रुद्रपुर रेलवे स्टेशन के निकट वह अचानक किसी ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेन की चपेट में आने से उसके दोनों पैर कट गए और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना भारत सेवा टीम के सदस्यों को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे टीम के सदस्यों ने करन को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सोमवार सुबह जब घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को हुई तो वे रोते-बिलखते पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। कोतवाली रुद्रपुर से उप निरीक्षक जीवन सिंह अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि युवक किस ट्रेन की चपेट में आया और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। मृतक का विवाह नहीं हुआ था वह दो भाईयों में बड़ा था।
