हादसे में नैनीताल और हल्द्वानी के चार दोस्तों की मौत,एक गंभीर
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी तेज रफ्तार कार
मुरादाबाद/हल्द्वानी। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सोमवार को एक हृदय विदारक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास एक अनियंत्रित कार आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। इस भीषण भिड़ंत में नैनीताल और हल्द्वानी निवासी चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी और नैनीताल क्षेत्र के रहने वाले पांच मित्र कार संख्या यूपी 14एफपी 7143 से दिल्ली की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक, सोमवार सुबह जब कार मूंढापांडे क्षेत्र में मनकरा मोड़ के पास पहुंची, तो संभवतः कार चालक को नींद की झपकी आ गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे आगे चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसमें सवार पांचों युवक बुरी तरह फंस गए। मूंढापांडे थाना प्रभारी मोहित कुमार ने बताया कि पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार को काटकर युवकों को बाहर निकाला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूंढापांडे की मेडिकल ऑफिसर डॉ- ईशा सिंह ने बताया कि चार युवकों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है, जिनमें शामिल हैं अनिल नेगी, निवासी हल्द्वानी, सुंदर सिंह, निवासी हल्द्वानी, भुवन भंडारी, निवासी हल्द्वानी,दयाल सिंह, निवासी हल्द्वानी शामिल हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल पांचवें युवक यशदीप पाण्डे को प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने सभी मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। हादसे की खबर मिलते ही हल्द्वानी और नैनीताल में शोक की लहर दौड़ गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और घायल को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
