देहरादून -हरिद्वार हाईवे पर भिड़ंत के बाद कई वाहनों में लगी आग,महिला की मौत,15 घायल
हरिद्वार (उद संवाददाता)। देहरादून -हरिद्वार हाईवे पर रविवार देर रात एक हृदयविदारक हादसा हो गया। मोतीचूर फ्लाईओवर पर चार वाहनों की आपस में हुई जोरदार टक्कर के बाद उत्तराखंड रोडवेज की बस समेत कई वाहनों में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड और दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर करीब 9 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और घंटों तक चीख-पुकार मची रही। मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात फ्लाईओवर पर तेज गति से जा रहे एक ट्रक, एसयूवी कार, डंपर और रोडवेज बस के बीच जबरदस्त भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का सीएनजी सिलेंडर फट गया, जिससे निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल आग का रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर से ही मंजर खौफनाक नजर आ रहा था। इस दौरान उत्तराखंड परिवहन निगम की बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही हरिद्वार के मायापुर फायर स्टेशन से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कुसुम पत्नी सचिन, निवासी भोगपुर नजीबाबाद, जिला बिजनौर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और प्रशासन द्वारा चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान करीब 15 एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर झंडा मेला देहरादून से वापस अपने घर बिजनौर लौट रहे श्रद्धालु इस हादसे का शिकार हुए। घायलों को तत्काल 108 सेवा के माध्यम से हरमिलाप अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और सीएफओ वंश बहादुर यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हादसे में घायल होने वालों में ट्राला चालक कासिफ निवासी शामली, सुभाष निवासी नांगल सुक्ती, विक्की, आरव, लवी, नीतू, सोनिया, अंशिका, दिव्यांशु, अनमोल, सोनाक्षी, हर्ष, वंशिका, सिमरन और गुलशन शामिल हैं। घायलों में अधिकांश लोग बिजनौर और आसपास के क्षेत्रें के निवासी हैं। पुलिस ने मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात सुचारु कराया गया। प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
