Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अमित शाह ने फूंका 2027 के चुनाव का बिगुल : चार साल बेमिसाल कार्यक्रम के जरिए धामी ने दिखाई ताकत

जनसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पारंपरिक टोपी पहनाकर स्वागत और अभिनन्दन किया
हरिद्वार (उद संवाददाता)। धर्मनगरी हरिद्वार के वैरागी द्वीप में शनिवार को केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह के पहुंचने पर जनसैलाब के बीच ऐतिहासिक स्वागत किया गया। अवसर था जन-जन की सरकार चार साल बेमिसाल कार्यक्रम का। कार्यक्रम में अमित शाह को सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। आयोजित जनसभा में ऐतिहासिक जनसैलाब देखने को मिला। कार्यक्रम क्षेत्र में चारों ओर भीड़ का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा था। इस विशाल रैली के माध्यम से उत्तराखंड सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का जश्न मनाने के साथ-साथ आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक जमीन भी तैयार की गई। कार्यक्रम स्थल पर उमड़ी भारी भीड़ को देखकर राजनीतिक गलियारों में इसे आगामी चुनावों का बिगुल माना जा रहा है। बैरागी द्वीप में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान स्वरूप पारंपरिक टोपी पहनाकर स्वागत और अभिनन्दन किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। वहीं, अमित शाह ने जनता को संबोधित करते हुए राज्य सरकार के चार साल के कार्यकाल को बेमिसाल बताया और डबल इंजन सरकार की ताकत का अहसास कराया। रैली के दौरान धर्मनगरी से कई महत्वपूर्ण राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों को साधने की कोशिश की गई, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। अमित शाह की इस रैली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। रैली के समापन के बाद केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा संगठन के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करने का भी कार्यक्रम है, जिसमें आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने अमित शाह के संबोधन का जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *