February 24, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हल्द्वानी में खनन कारोबारी ने खुद को गोली से उड़ाया

पारिवारिक विवाद के बाद आवेश में आकर उठाया खौफनाक कदम
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। शहर के चोरगलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गजेपुर गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक प्रतिष्ठित खनन कारोबारी ने पारिवारिक कलह के चलते अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। गजेपुर निवासी कमलेश बेलवाल ने सोमवार देर रात अपने ही घर में लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। इस आत्मघाती कदम से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन घाव इतना गहरा था कि उपचार मिलने से पूर्व ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की पृष्ठभूमि में घरेलू कलह बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि देर रात घर में किसी बात को लेकर सदस्यों के बीच नोकझोंक हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कमलेश बेलवाल मानसिक रूप से काफी विचलित हो गए। आवेश में आकर उन्होंने कमरे में रखी अपनी लाइसेंसी पिस्टल उठाई और खुद पर फायर झोंक दिया। गोली की आवाज सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई और परिजन भागकर कमरे की ओर पहुंचे, जहां कमलेश लहूलुहान अवस्था में जमीन पर पड़े मिले। सूचना मिलते ही चोरगलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि कमलेश ने सिर के दाहिनी ओर से गोली मारी, जो बाईं ओर से आर-पार निकल गई। गोली लगने से दिमाग के महत्वपूर्ण हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। कमलेश परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके अचानक चले जाने से परिवार पर आर्थिक संकट के बादल मंडरा गए हैं। उनकी 3 साल की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद से पत्नी और बुजुर्ग परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ हल्द्वानी अमित सैनी ने मौके का दोबारा निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल को कब्जे में ले लिया है। जांच के तहत परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मोबाइल कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आिखर वह पारिवारिक विवाद क्या था, जिसने एक सफल कारोबारी को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद के कारण उपजे तनाव और आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के सटीक कारणों और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के लिए हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *