कुंभ मेला 2027 के लिए केंद्र सरकार ने जारी किए 500 करोड़
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में होने वाले आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के लिए भारत सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्व विख्यात महापर्व है। केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत यह भारी-भरकम धनराशि कुंभ को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट से आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने पूर्व में स्वयं प्रधानमंत्री से कुंभ मेले के सफल आयोजन हेतु आर्थिक सहायता का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार जैसे कार्यों में केंद्र का सहयोग राज्य के लिए बड़ा संबल रहा है।पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कुंभ मेला 2027 एक ऐतिहासिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में अपनी पहचान बनाएगा। इससे देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट सुविधाएं मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार समयबद्धता, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए इस महापर्व को भव्य रूप से आयोजित करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
