February 24, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रूद्रपुर में सरस मेले से लौट रही महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, आरोपी फरार

रुद्रपुर । जिला मुख्यालय रुद्रपुर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां सरस मेले से लौट रही एक महिला के साथ तीन युवकों ने हथियार के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने न केवल हैवानियत की हदें पार कीं, बल्कि वारदात का अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, घटना 22 फरवरी की रात करीब 9 बजे की है। पीड़िता अपने देवर के साथ गांधी पार्क में आयोजित सरस मेले से वापस घर लौट रही थी। जैसे ही वे मोदी मैदान के पास पहुंचे, दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपी युवती के देवर को पूर्व से जानते थे। बातचीत के दौरान अचानक आरोपियों ने तमंचा निकालकर दोनों को डराना शुरू कर दिया। बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देते हुए युवती को जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और एक सुनसान स्थान पर ले गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके देवर के सामने ही बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर दरिंदों ने चाकू से हमला कर युवती के हाथ की उंगली भी चोटिल कर दी। हैवानियत के बाद आरोपियों ने वारदात का वीडियो बना लिया और धमकी दी कि यदि पुलिस को सूचना दी तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। आरोपियों ने खुद को शातिर अपराधी बताते हुए पुलिस का डर न होने की बात भी कही। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्रतारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। स्थानीय जनता ने इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को तत्काल कड़ी सजा देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *