उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाएं शुरू, 2.15 लाख छात्र दे रहे परीक्षा
रामनगर (उद संवाददाता)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटर मीडिएट की परीक्षाएं आज से शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई हैं। इस वर्ष प्रदेश भर के 1261 केंद्रों पर कुल 2,15,252 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। शिक्षा विभाग और बोर्ड प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह नकल विहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। शुचिता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों के 100 गज के दायरे में धारा 144 (अब धारा 163 बीएन एसएस) लागू कर दी गई है।बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस बार हाईस्कूल में 1,12,266 और इंटर मीडिएट में 1,02,986 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षाएं प्रतिदिन सुबह 10 बजे से अपराह्न 1 बजे तक आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा के पहले दिन शनिवार को इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों ने ड्राइंग एंड पेंटिंग विषय का पेपर दिया। हाईस्कूल की मुख्य परीक्षाएं 23 फरवरी से शुरू होंगी। बोर्ड प्रशासन ने नकल रोकने के लिए राज्य स्तर पर तीन सचल दलों(फ्लाइंग स्क्वाड) का गठन किया है, जो केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही, संवेदनशील केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की गई है।उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन के लिए प्रदेशभर में 39 संग्रह केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुमाऊं में 13 और गढ़वाल मंडल में 26 केंद्र शामिल हैं। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध है। बोर्ड के सचिव ने बताया कि 16 जनवरी से 15 फरवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं पहले ही संपन्न कराई जा चुकी हैं। शासन और बोर्ड का लक्ष्य 20 मार्च तक चलने वाली इन परीक्षाओं को पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है, ताकि परिणामों की विश्वसनीयता बनी रहे।
