नैनीताल हाईकोर्ट और जिला कोर्ट को भी फिर मिली धमकी
नैनीताल (उद संवाददाता)। सरोवर नगरी के न्यायालयों को बम से उड़ाने के धमकी भरे संदेशों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नैनीताल हाई कोर्ट और जिला कोर्ट को गुरुवार को एक और धमकी भरा संदेश मिलने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य न्यायाधीश ने तत्काल बैठक बुलाई और स्थिति की समीक्षा की। अज्ञात ईमेल के माध्यम से मिले इस संदेश के बाद ऐहतियातन जज चौंबर और कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया। पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस डॉग स्क्वाड व बम निरोधक दस्ते के साथ चप्पे-चप्पे की सघन जांच में जुटी है।उल्लेखनीय है कि बीते 16 और 17 फरवरी को भी जिला कोर्ट के आधिकारिक ईमेल पर न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इन दो दिनों के दौरान कोर्ट परिसर में भारी अफरा-तफरी का माहौल रहा और न्यायिक कार्य पूरी तरह बाधित रहे, जिसके कारण दूर-दराज से आए वादकारियों को बैरंग लौटना पड़ा था। इस संबंध में तल्लीताल थाना पुलिस ने पहले ही दो मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मेल भेजने वाले के स्रोत तक पहुंचने का दावा किया जा रहा था, लेकिन बुधवार को कामकाज सुचारू होने के बाद गुरुवार को मिले तीसरे धमकी भरे संदेश ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।तीसरा धमकी भरा संदेश मिलते ही प्रशासन ने बिना देरी किए सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जज चौंबर और कोर्ट रूम खाली करवाए। फिलहाल पुलिस ने पूरे परिसर को घेरे में ले लिया है। परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन चेकिंग की जा रही है और बाहरी व्यक्तियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। लगातार मिल रही इन धमकियों के कारण वकीलों, कर्मचारियों और आम जनता में भय व्याप्त है, जबकि पुलिस प्रशासन मेल भेजने वाले अज्ञात शरारती तत्वों की तलाश में तकनीकी टीमों की मदद ले रहा है
