न्याय न मिलने से परेशान चाय विक्रेता ने किया थाने के बाहर आत्मदाह का प्रयास
गदरपुर (उद संवाददाता)। न्याय न मिलने और प्रशासनिक उदासीनता से तंग आकर एक चाय विक्रेता ने बृहस्पतिवार को आत्मदाह का प्रयास किया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद पुलिस व्यवस्था और जन प्रतिनिधियों की संवेदन शीलता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि वह पिछले चार महीनों से अपनी फरियाद लेकर दर-दर भटक रहा है, लेकिन उसकी सुनवाई कहीं नहीं हुई। सोनू नामक इस चाय विक्रेता ने बताया कि लगभग चार माह पूर्व रविवार बाजार में अज्ञात बदमाशों ने उसकी पत्नी का पर्स छीन लिया था, जिसमें एक मोबाइल फोन और हजारों रुपये की नकदी थी। घटना के तुरंत बाद उसने पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि इतने लंबे समय बाद भी न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही जांच शुरू हुई। पीड़ित का कहना है कि उसने क्षेत्रीय विधायक अरविंद पांडे, चेयरमैन मनोज कुमार मिंटू सहित कई जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई, परंतु हर जगह से उसे केवल कोरा आश्वासन ही मिला। न्याय की उम्मीद पूरी तरह टूट जाने पर सोनू पेट्रोल की बोतल लेकर निकला और आत्मदाह की कोशिश की। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे समय रहते काबू कर लिया और स्थिति को संभाला। इस घटना ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस छोटे मामलों में भी संवेदनशीलता दिखाए, तो किसी आम नागरिक को इतना आत्मघाती कदम उठाने पर विवश नहीं होना पड़ेगा। फिलहाल पुलिस अधिकारी मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दे रहे हैं।
