सीएम के निर्देश के बाद सख्ती रात 11 बजे बंद होंगे प्रतिष्ठान
हल्द्वानी/नैनीताल (उद संवाददाता)। प्रदेश में हालिया घटित गंभीर आपराधिक घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए कुमायूँ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। प्रभावी पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए पुलिस महानिरीक्षक रिधिम अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी स्वयं मैदान में उतरे। विजिबल पुलिसिंग की अवधारणा को लागू करने के लिए जनपद के सभी आला अधिकारियों के साथ एक हाई लेवल गोष्ठी आयोजित कर अपराधियों के विरुद्ध सख्त निरोधात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने सभी क्षेत्रधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट किया है कि रात्रि गश्त और पिकेट डड्ढूटी में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब सभी क्षेत्रधिकारियों को रात में अपने क्षेत्र में मौजूद रहकर अपनी लोकेशन और कार्यों की जानकारी उच्चाधिकारियों को देनी होगी। निर्देश दिए गए हैं कि रात 11 बजे तक सभी वाणिज्यिक प्रतिष्ठान अनिवार्य रूप से बंद कराए जाएं और सीपीयू कर्मियों की डड्ढूटी भी रात 11 बजे तक सुनिश्चित की जाए। शराब और जुए के अîóों पर सघन चेकिंग करने के साथ ही अनावश्यक रूप से देर रात घूमने वालों पर सख्त रोक-टोक की जाएगी। अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस ने अब ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है। पुराने रंजिश वाले मामलों को चिन्हित कर दोनों पक्षों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, क्षेत्र के अभ्यस्त और सक्रिय अपराधियों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। एसएसपी ने चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। नैनीताल पुलिस ने आमजन से कानून व्यवस्था में सहयोग की अपील करते हुए अराजक तत्वों को साफ संदेश दिया है कि शांति भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
