February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मोबाईल मंत्रा शोरूम फिर बना चोरों का निशाना : लाखों के माबाईल, नगदी और अन्य सामान उड़ाया

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। नगर के अग्रसेन चौक पर स्थित मोबाईल के प्रतिष्ठित शोरूम मोबाईल मंत्रा को अज्ञात चोरों ने एक बार फिर से अपना निशाना बनाया है। चोरी करने का रास्ता व तरीका भी लगभग पूर्व की तरह ही रहा। फर्क सिर्फ इतना रहा कि पूर्व में दोमंजिल पर आये अज्ञात चोरों ने दीवार काटकर शोरूम में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था पर इस बार तो चोरों ने गेट पर लगा दरवाजा ही उखाड़ दिया और दोमंजिल पर शोरूम से लाये डिब्बों से मोबाईल निकाले, पानी पिया तथा हजारों की नगदी, लेपटाप, डीवीआर आदि सामान लेकर फरार हो गये। गौरतलब हो कि पुलिस इसी शोरूम से करीब एक वर्ष पूर्व हुई लाखों की चोरी की घटना का अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है। अब इस शोरूम में फिर से लाखों की चोरी होने से व्यापारियों में पुलिस की निष्क्रियता को लेकर भारी रोष व्याप्त है। जानकारी के अनुसार ग्रीन पार्क निवासी गौरव मुंजाल पुत्र स्व- ओमप्रकाश मुंजाल का अग्रसेन चौक पर मोबाईल मंत्र नाम से मोबाईल का शोरूम है। बताया जाता है कि रोज की तरह बुधवार की रात्रि गौरव मुंजाल शोरूम को बंद कर घर गये थे। आज प्रातः जब उन्होंने शोरूम खोला तो भीतर सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा हुआ था। यह नजारा देख उनके होश फाख्ता हो गये। उन्होंने मामले की जानकारी व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा सहित परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही संजय के साथ कई व्यापारी र्माैके पर आ पहुंचे। घटना की सूचना मिलने पर बाजार चौकी पुलिसकर्मी व फारेंसिस टीम भी वहां पर आ गई। दुकान स्वामी गौरव मुंजाल ने बताया कि अज्ञात चोर साथ ही लगी सीढ़ियों से दोमंजिल पर पहुंचे और उन्होंने शोरूम के ऊपर लगे गेट को उखाड़ दिया। जिसके बाद सीढ़ियों से नीचे शोरूम में आ गये अ।ैर उन्होंने शोरूम में रखे लाखों रूपये के कीमती मोबाईल, डीवीआर, लेपटॉप, हजारों की नगदी, मोबाईल से सम्बधित भारी संख्या में सामान चोरी कर लिया। उनका कहना है कि चोर शोरूम से पानी का कैम्पर भी दोमंजिल पर ले गये जहां उन्होंने पानी पिया और डिब्बों से मोबाईल निकाले। गौरव ने बताया कि चोरी हुए सामान व नगदी का विस्तृत विवरण शोरूम का पूरा निरीक्षण करने के बाद ही पता चल सकेगा। उन्होंने बताया इससे पूर्व भी उनके शोरूम में लाखों के मोबाईल की चोरी हुई थी जिसका पूरा विवरण पुलिस को दिया था। लेकिन पुलिस आज तक घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। उन्हें सिर्फ खुलासे का भरोसा ही मिला है। इधर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस अधिकारियों की निष्क्रियता के कारण ही नगर में आपराधिक मामलों की बाढ़़ सी आ गई है। चोरी, लूट, हत्या, अपहरण, बलात्कार आदि अपराध अब सामान्य बात हो गये हैं। वहीं नशा, अवैध हथियार तस्करी लगतार बढ़ती जा रही है। जिससे आम जनता में पुलिस पर से विश्वास उठता जा रहा है। चीता मोबाईल टीम रात्रि गश्त के नाम पर महज खानापूर्ति कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने चोरी की इस घटना का शीघ्र खुलासा नहीं किया तो व्यापार मंडल पुलिस के खिलाफ आन्दोलन शुरू करने को बाध्य हो जायेगा। घटना की सूचना पर पूर्व मंत्री एवं किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और घटना पर चिंता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *