February 4, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हल्द्वानी में बड़े भाई ने सगे भाई को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतारा

हल्द्वानी (उद संवाददाता)। बरेली रोड स्थित राम मंदिर बगीचा क्षेत्र में देर रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक जघन्य वारदात सामने आई है। यहाँ मामूली पारिवारिक विवाद इस कदर हिंसक हुआ कि एक बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी ने न केवल स्टील के भारी लोटे से भाई का सिर और चेहरा छलनी कर दिया, बल्कि उसे तख्त पर पटक-पटक कर तब तक मारा जब तक उसके प्राण नहीं पखेरू हो गए। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 11 बजे की है। आरोपी संदीप जायसवाल जब घर पहुँचा, तो वह मानसिक रूप से काफी उग्र था। घर आते ही उसका अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल (42 वर्ष) से किसी पुरानी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते संदीप का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया। परिजनों के मुताबिक, वह पागलों की तरह चिल्ला रहा था कि ‘मैं तेरी वजह से बर्बाद हो गया, आज तुझे नहीं छोडूंगा।’ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संदीप ने पास में रखा स्टील का एक भारी लोटा उठाया और सोनू के सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। वार इतने घातक थे कि सोनू का चेहरा लहूलुहान हो गया। जुल्म यहीं नहीं रुका, आरोपी ने घायल सोनू को तख्त पर पटक-पटक कर बेरहमी से पीटा। घर में मौजूद अन्य परिजनों ने जब बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। खौफजदा परिजन अपनी जान बचाने के लिए एक कमरे में बंद हो गए और बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। जब मारपीट की आवाजें शांत हुईं, तो परिजनों ने किसी तरह अपने परिचितों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुँचते ही आरोपी संदीप जायसवाल घर के पीछे के रास्ते से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल अचेत और लहूलुहान सोनू को अस्पताल भिजवाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक के परिजनों की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली में आरोपी संदीप जायसवाल के खिलाफ हत्या (धारा 302/आईपीसी) सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरेली रोड स्थित राम मंदिर बगीचा क्षेत्र में हुए हत्याकांड का एसएसपी नैनीताल डॉ- मंजूनाथ टीसी की टीम ने महज 4 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सगे भाई की हत्या करने वाले आरोपी संदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त स्टील का लोटा और एक अवैध रिवाल्वर मय कारतूस बरामद की है। एसएसपी ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल और सीओ अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें गठित कीं थी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सटीक सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त संदीप जायसवाल पुत्र स्व- लल्लन प्रसाद जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से एक अवैध 32 बोर की रिवाल्वर और 2 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए, जिसके चलते उस पर आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग से अभियोग पंजीकृत किया गया है। पूछताछ में आरोपी संदीप ने बताया कि वह पहले से ही एक अन्य मामले में जमानत पर चल रहा था। घर में आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी और उसके छोटे भाई सोनू की तबीयत काफी समय से खराब चल रही थी। गरीबी और तंगी के कारण भाई का इलाज न करा पाने की कुंठा और तनाव में संदीप ने उस रात शराब पी रखी थी। नशे और गुस्से में उसने स्टील के लोटे से भाई पर वार कर दिया, जो जानलेवा साबित हुआ। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता, एसएसआई रोहताश सिंह सागर, चौकी प्रभारी मेडिकल रविन्द्र राणा, चौकी प्रभारी हीरानगर कृपाल सिंह, कांस्टेबल मो- अजहर और जगदीश भण्डारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *