February 4, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चापड़ से करता रहा वार, तमाशबीन बने रहे लोग : गुंजन को लगातार परेशान कर रहा था आकाश ,काम पर जाते समय भी करता था पीछा

कोताही बरतने पर खुड़बुड़ा चौकी इंचार्ज प्रद्युम्न नेगी को सस्पेंड
देहरादून। दिनदहाड़े जब सरेबाजार कई आंखों के सामने गुंजन की हत्या की गई तो किसी ने भी आगे आकर उसे बचाने की जहमत नहीं उठाई। अपनी जान बचाने के लिए गुंजन की चीखें करीब 10 मिनट तक गली में गूंजती रहीं। लोग अपनी छतों से भी देखते रहे। चश्मदीदों के मुताबिक आरोपी अपने स्कूटर से आया था। वह अकेला था। पहले उसने गुंजन से कुछ बात की। इसके थोड़ी देर बाद ही उसने चापड़ से हमला कर दिया। इसके बाद लोगों के बीच से चापड़ लहराते हुए भाग गया। गली में दूर-दूर तक पड़े खून के छींटे हत्या की निर्ममता को बयां कर रहे थे। गली के दोनों ओर दीवारों पर भी खून की छींटे पड़े हुए थे। गुंजन की जान को खतरा बताते हुए परिजनों ने खुड़बुड़ा चौकी में महज तीन दिन पहले ही शिकायत दी थी लेकिन पुलिस ने इस गंभीरता से नहीं लिया। कार्रवाई में कोताही बरतने पर खुड़बुड़ा चौकी इंचार्ज प्रद्युम्न नेगी को सस्पेंड किया गया है। परिजनों की ओर से कई बार पुलिस से शिकायत की गई थी। तीन दिन पहले भी गुंजन की जान को खतरा बताते हुए शिकायत दी पर इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, एसएसपी अजय सिंह की ओर से चौकी इंचार्ज प्रद्युम्न नेगी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है। परिजनों के मुताबिक करीब आठ महीने पहले भी आकाश और गुंजन बीच विवाद हुआ था। तब पुलिस ने दोनों को समझाकर मामले को शांत कर दिया था। विवाद की कहानी बार-बार पुलिस के द्वार पहुंची लेकिन इंसाफ परवान नहीं चढ़ पाया। अब ये कहानी मौत पर आकर खत्म हो गई। परिजनों के अनुसार आरोपी शादीशुदा था और गुंजन को लगातार परेशान कर रहा था। काम पर जाते समय पीछा भी करता था। इसकी कई बार पुलिस में भी शिकायत की गई लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं हुई। तीन दिन पहले जब आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति से कहा कि वह गुंजन को जान से मार देगा। इसके बाद उनकी ओर से फिर से खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत की गई। इन तीन दिनों में पुलिस आरोपी से फोन पर बात तक नहीं कर पाई।देहरादून के दूल्हा बाजार में गुंजन की निर्मम हत्या से पूरा क्षेत्र दहल गया। लोग हत्या का मंजर देखकर डरे हुए और गुस्से में हैं। स्थानीय लोगों ने बातचीत में बताया कि वर्षों पहले क्षेत्र में इस तरह की एक हत्या हुई थी। इसके बाद अब इस हत्याकांड ने लोगों को हैरत में डाल दिया। दरअसल, सोमवार को एकतरफा प्रेम में शादीशुदा युवक ने चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर युवती की हत्या कर दी। शहर के पलटन बाजार में दिनदहाड़े हुई खौफनाक वारदात से सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक चापड़ लहराते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने एक घंटे बाद ही आरोपी युवक को गिरफ्रतार कर हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर लिया। घटनाक्रम के अनुसार, गोविंदगढ़ निवासी गुंजन ;23द्ध पलटन बाजार में एक कपड़े की दुकान पर काम करती थी। बाजार में ही एक अन्य दुकान पर मन्नूगंज खुड़बुड़ा मोहल्ला निवासी आरोपी युवक आकाश कुमार भी कार्य करता था। दोनों एक दूसरे को पिछले तीन साल से जानते थे। इस कारण अच्छी दोस्ती थी। बताया जा रहा है कि जब गुंजन को युवक के शादीशुदा होने की जानकारी मिली तो वह किनारा करने लगी। आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी युवक पीछा छोड़ने को तैयार नहीं था। इस कारण पहले भी दोनों के बीच विवाद हो चुका था। इस पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके बाद गुंजन के परिजनों ने 31 जनवरी को आरोपी के खिलाफ खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत दी थी लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज करना तो दूर आरोपी से पूछताछ करना भी मुनासिफ नहीं समझा। इसके दो दिन बाद ही आरोपी युवक ने सरेआम युवती का कत्ल कर दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजे रोजाना की तरह गुंजन पलटन बाजार स्थित कपड़े की दुकान पर कार्य करने के लिए पहुंची थी। बाजार की गली में अपने परिचित के यहां स्कूटी खड़ी करने गई थी, तभी आरोपी स्कूटर से आ धमका और बात करने लगा। विरोध करने पर स्कूटर से चापड़ निकालकर गर्दन पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने युवती को पकड़कर दीवार की ओर धकेला। फिर गर्दन पर एक के बाद एक कई वार किए। इस दौरान बचाव के प्रयास में युवती की अंगुलियां कट गईं। साथ ही चेहरा भी बुरी तरह जख्मी हो गया। खून से लथपथ युवती वहीं गिर पड़ी। इससे पहले कि लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया जाता, उसने दम तोड़ दिया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि युवती के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी युवक को भी गिरफ्रतार कर लिया है। उसने पूछताछ में गुनाह कबूल किया है। घटना स्थल से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित कर जांच के लिए भेजे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *