‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ का मार्ग प्रशस्त करेगा केंद्रीय बजट: सीएम धामी ने प्रेस वार्ता में गिनाई बजट की खूबियां
प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का जताया आभार
देहरादून (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बलबीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय बजट 2026 की विस्तृत व्याख्या की। मुख्यमंत्री ने इस बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का जीवंत परिणाम बताते हुए कहा कि यह केवल एक वित्तीय लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि विकसित भारत के महान संकल्प को सिद्ध करने और हर भारतीय की आकांक्षाओं को पूर्ण करने वाला एक ऐतिहासिक दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग के उत्थान और उन्नयन को समर्पित है। उत्तराखण्ड के लिए भी यह बजट तमाम संभावनाएं लेकर आया है जो आत्मनिर्भर उत्तराखंड के लक्ष्य को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री ने बजट के दार्शनिक और आर्थिक पहलुओं पर चर्चा करते हुए बताया कि यह मुख्य रूप से तीन मजबूत स्तंभों पर टिका है, जिसका उद्देश्य भारत को दुनिया की आर्थिक महाशक्ति बनाना, सामाजिक संतुलन स्थापित करना और वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है। सीएम धामी ने कहा कि आज जब पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग और तेजी से बदलते मौसम चक्र की चुनौतियों से जूझ रही है, तब इस बजट में पर्यावरण और भविष्य की पीढ़ियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह समावेशी विकास ही भारत के उज्ज्वल भविष्य की असली कुंजी है, जिससे विकास की लहर केवल शहरी केंद्रों तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसका लाभ देश के अंतिम छोर पर स्थित सीमांत क्षेत्रें और गांव-गांव तक पहुंचेगा। प्रेस वार्ता में युवाओं के भविष्य पर विशेष ध्यान देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में युवाओं के कौशल विकास यानी स्किल एजुकेशन पर अभूतपूर्व फोकस किया गया है, ताकि देश की विशाल जनसंख्या को कमजोरी के बजाय भारत की सबसे बड़ी आर्थिक ताकत में बदला जा सके। यह बजट ‘लोकल से ग्लोबल’ के विजन को मजबूती प्रदान करते हुए हमारे स्थानीय उद्यमियों, महिलाओं और किसानों के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोलता है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पर्वतीय राज्यों का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें हिमालयी क्षेत्रें के लिए सतत विकास परियोजनाओं का विशेष प्रावधान है, जो यह सुनिश्चित करता है कि भारत का विकास केवल तेज ही नहीं बल्कि संतुलित और जिम्मेदार भी हो। पर्वतीय राज्य उत्तराखंड के प्रति केंद्र सरकार के विशेष लगाव को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के दृष्टिकोण के अनुरूप इस बजट में जो रोडमैप तैयार किया गया है, वह उत्तराखंड की आर्थिकी को नई गति प्रदान करेगा और राज्य के दुर्गम क्षेत्रें में बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, सुरेश जोशी, अनिल गोयल, राजेंद्र नेगी और हिमांशु सहित कई वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
