राहुल गांधी ने ‘मोहम्मद दीपक’ को बताया भारत का हीरो, भारी हंगामे के बाद कोटद्वार पुलिस अलर्ट
खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताने वाले जिम संचालक के खिलाफ बजरंग दल के कार्यकर्ता कर रहे कड़ी कार्रवाई की मांग
कोटद्वार। पटेल मार्ग पर एक कपड़े की दुकान के नाम से शुरू हुआ विवाद अब राष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण में अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भी एंट्री हो गई है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ट्वीट कर जिम संचालक मोहम्मद दीपक का समर्थन करते हुए उन्हें ‘भारत का हीरो’ करार दिया है। दूसरी ओर, शहर में बजरंग दल के हंगामे के बाद तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाल कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा कि उत्तराखंड के दीपक भारत के असली हीरो हैं, जो संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने भाजपा और संघ परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि वे नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान के जीवित प्रतीक हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि संघ परिवार देश में आर्थिक और सामाजिक जहर घोल रहा है ताकि डर के सहारे राज किया जा सके। उन्होंने दीपक का ढांढस बढ़ाते हुए लिखा कि हम तुम्हारे साथ हैं, डरो मत, तुम बब्बर शेर हो। शनिवार को देहरादून और हरिद्वार से आए बजरंग दल कार्यकर्ताओं के भारी हंगामे के बाद कोटद्वार पुलिस अलर्ट मोड पर है। दो दिनों से लगातार रात के समय शहर में पुलिस फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है। खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। दूसरे पक्ष से जुड़े लोगों के कोटद्वार पहुंचने की आशंका को देखते हुए कौड़िया स्थित यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर हर आने-जाने वाले वाहन की सघन तलाशी ली जा रही है। जिलेभर से अतिरिक्त पुलिस अधिकारियों को कोटद्वार बुलाया गया है और दो प्लाटून पीएसी तैनात की गई है। दरअसल बीती 26 जनवरी को बजरंग दल कार्यकर्ताओं और कपड़े की दुकान चलाने वाले व्यापारी के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। इस दौरान मारपीट के आरोपी युवक का वीडियो वायरल होने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भड़क गए और शनिवार को पटेल मार्ग व मालवीय उद्यान में जमकर प्रदर्शन किया। बजरंग दल के कार्यकर्ता खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताने वाले जिम संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस मामले में पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच कर रही है। रविवार को देहरादून और हरिद्वार से तीन-चार जिम संचालक युवक मोहम्मद दीपक से मिलने कोटद्वार पहुंचे थे, जिन्हें संदिग्ध मानकर पुलिस ने थाने ले जाकर पूछताछ की और बाद में छोड़ दिया। इधर, जमीअत उलेमा-ए-हिंद उत्तराखंड ने डीजीपी को पत्र लिखकर दीपक कुमार को सुरक्षा देने की मांग की है। जमीअत के प्रदेश महासचिव मौलाना शराफत अली कासमी ने कहा कि दीपक ने एक मुस्लिम दुकानदार पर हुए हमले के दौरान बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई थी, जिसके बाद अब उन्हें धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने 31 जनवरी को जिम पर हुए तोड़फोड़ के प्रयास की निंदा करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल प्रदीप नेगी का कहना है कि बाहर से आकर माहौल खराब करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
