February 4, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

देहरादून में सरेआम युवती की गला रेतकर हत्या,आरोपी युवक गिरफ्तार

देहरादून (उद संवाददाता)। राजधानी देहरादून में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। सोमवार सुबह नगर कोतवाली क्षेत्र के मच्छी बाजार इलाके में एक 23 वर्षीय युवती की सरेआम चापड़ से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस जघन्य हत्याकांड से पूरे शहर में सनसनी फैल गई और आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार की तमाम दुकानें बंद कर दीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के अनुसार 23 वर्षीय युवती गुन्नू सोमवार सुबह अपने घर से बाहर निकली थी। मच्छी बाजार के पास गली में बाइक सवार एक युवक आकाश कुमार वहां पहुंचा और युवती से बातचीत करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बातचीत के दौरान ही अचानक आकाश ने पास रखे धारदार चापड़ से युवती की गर्दन पर जोरदार हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि युवती का गला बुरी तरह कट गया और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से युवती को तत्काल दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया, जिसके चलते एहतियातन इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए आरोपी आकाश कुमार को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से इस खूनी वारदात के पीछे के कारणों की विस्तृत पूछताछ कर रही है। देहरादून जिले में पिछले पांच दिनों के भीतर हत्या की यह तीसरी सनसनीखेज वारदात है, जिससे पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे पूर्व 29 जनवरी को विकासनगर क्षेत्र में एक 18 वर्षीय छात्र की नृशंस हत्या कर दी गई थी, जिसमें हत्यारे ने छात्र के अंग काटने के बाद सिर पत्थर से कुचल दिया था। वहीं 31 जनवरी को ऋषिकेश के शिवाजी नगर में एक महिला की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एक के बाद एक हो रही इन हत्याओं ने राजधानी की कानून व्यवस्था को लेकर आम जनमानस में डर पैदा कर दिया है। मच्छी बाजार की जिस गली में गुन्नू की हत्या हुई, वहां चारों ओर खून बिखरा देख लोगों की रूह कांप गई। वारदात के विरोध में स्थानीय व्यापारियों ने तत्काल अपनी दुकानें बंद कर दीं। लोगों का कहना है कि अगर भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, तो पुलिस गश्त का क्या फायदा? घटना के बाद से ही मच्छी बाजार और आसपास के क्षेत्रें में भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी आकाश कुमार से प्रारंभिक पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवती का परिचित था और सोमवार सुबह वह पूरी योजना के साथ चापड़ लेकर आया था। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि क्या यह मामला एकतरफा प्रेम या आपसी रंजिश से जुड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *