February 4, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

घर में घुसकर एम्स महिला कर्मचारी की गोली मारकर हत्या

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में शनिवार की रात अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर एक महिला की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवाजी नगर की गली नंबर 16 में शनिवार रात करीब 9ः30 बजे स्थानीय लोगों ने अचानक गोली चलने की आवाज सुनी। आवाज सुन कर जब लोग घटनास्थल की ओर दौड़े तो उन्होंने कुछ हमलावरों को मौके से भागते हुए देखा। घर के भीतर प्रवेश करने पर 32 वर्षीय महिला लहूलुहान अवस्था में फर्श पर पड़ी मिली। सूचना मिलते ही कोतवाल कैलाश चंद्र भट्टð पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात जया बलूनी और सीओ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुँचकर वैज्ञानिक जांच के लिए नमूने एकत्रित किए हैं। मृतक महिला मूल रूप से यमकेश्वर की रहने वाली थी और ऋषिकेश एम्स में आउटसोर्सिंग कर्मचारी के रूप में कार्यरत थी। वह यहाँ घर में अकेली रहती थी, जबकि उसका 8 वर्षीय बेटा नाना-नानी के घर रहता है। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए एसओजी की मदद ली जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। रविवार को एसएसपी अजय सिंह ने परिवार से मुलाकात की। एसएसपी देहरादून अजय सिंह एम्स मोर्चरी में पीड़ित स्वजनों से मिलने पहुंचे । इस दौरान मृतका के पिता ने बताया कि एक व्यक्ति उनकी बेटी को लंबे समय से टॉर्चर कर रहा था। वह जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। एसएसपी देहरादून ने आरोपित से जुड़ी आवश्यक जानकारी नोट की। साथ ही उन्होंने कहा कि इस घटना में पुलिस कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी, जो अन्य अपराधियों के लिए नजीर बनेगी।फिलहाल पुलिस को संदेह है कि मामला एक तरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *