गणतंत्र के जश्न के बीच उत्तरकाशी के आपदा प्रभावित बेमियादी धरने पर
उत्तरकाशी (उद संवाददाता)। एक ओर जहाँ देश 77वें गणतंत्र दिवस के उल्लास में डूबा है, वहीं उत्तरकाशी के आपदा प्रभावित धराली गांव के ग्रामीणों के लिए यह दिन संघर्ष का गवाह बना। उचित मुआवजे, पुनर्वास और पुनर्निर्माण जैसी मूलभूत मांगों को लेकर धराली के ग्रामीणों ने आज से अपना अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से गुहार लगाने के बावजूद प्रशासन उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रहा है।धरना शुरू करने से पहले ग्रामीणों ने काली कमली क्षेत्र में एकत्रित होकर जुलूस प्रदर्शन किया और आगे के आंदोलन की रणनीति तैयार की। प्रभावितों का आरोप है कि आपदा में अपना सब कुछ गंवा देने के बाद भी उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला है, जिससे वे खुले आसमान के नीचे या असुरक्षित भवनों में रहने को मजबूर हैं।ग्रामीणों के आक्रोश और धरने की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुँचे और ग्रामीणों से वार्ता शुरू की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शांत करने और मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीण ििलखत और ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए थे। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक पुनर्वास की प्रक्रिया धरातल पर शुरू नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
