February 4, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पुलिस की पूछताछ में सौरभ बेहड़ ने स्वीकारा हमले का षडयंत्र, हो सकती है कानूनी कार्रवाई

रुद्रपुर। नगर के बहुचर्चित विधायक तिलक राज बेहड़ के पुत्र वार्ड 39 के पार्षद सौरभ राज बेहड़ पर हुए हमले के मामले में पुलिस अधिकारियों द्वारा सौरभ बेहड़ से की गई पूछताछ के दौरान सौरभ द्वारा खुद के षडयंत्र की बात स्वीकार करने के बाद उसकी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अब पुलिस द्वारा सौरभ बेहड़ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का रास्ता साफ हो गया है। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के बेटे एवं पार्षद सौरभ बेहड़ पर हुए कथित हमले के मामले में शनिवार को विवेचक उप निरीक्षक मनोज जलाल ने सौरभ को आवास विकास चौकी बुलाकर उनसे पूछताछ की। इस दौरान सौरभ ने स्वीकार किया कि पत्नी के साथ चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते सहानुभूति पाने के उद्देश्य से स्वयं पर हमले की योजना बनाई थी। गौरतलब हो कि गुरुवार को एसपी क्राइम निहारिका तोमर ने मामले का खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि सौरभ ने अपने मित्र इंदर नारंग के साथ मिलकर खुद पर हमला करने की योजना बनाई थी। मामले में पुलिस ने इंदर और तीन अन्य आरोपियों वंश कुमार, बादशाह व दीपक कुमार को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया था। शनिवार को पुलिस द्वारा सौरभ बेहड़ को धारा 41 का नोटिस देकर आवास विकास चौकी तलब किया गया। इस दौरान सौरभ ने अपने पूर्व में दिए गए बयान को दोहराया और मामले में गिरफ्तार आरोपियों के दिए गए बयानों का भी समर्थन किया। सूत्रों के अनुसार, पुलिस इस मामले में गुमराह करने के लिए सौरभ पर कानूनी कार्रवाई कर सकती है। मामले में विधायक तिलक राज बेहड़ ने पत्रकार वार्ता में भी कहा था कि उसके पुत्र सौरभ राज बेहड़ ने जो कर्म किया है उसे इसकी सजा अवश्य मिलनी चाहिए। इससे पुलिस को और बल मिला है। अब देखना है मामले में पुलिस को गुमराह करने पर सौरभ बेहड़ के खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाती है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *