February 4, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गांव में बदमाशों का तांडव,गन प्वाइंट पर तीन घरों में लाखों की लूट

किच्छा(उद संवाददाता)। पुलभट्टðा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बरा-बरी में बीती रात नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने गन प्वाइंट पर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी। बेखौफ बदमाशों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों की नगदी, जेवरात और एक मोटर साइकिल लूट ली। बदमाशों ने आधी रात को नरेश कुमार प्रजापति के घर को मुख्य रूप से निशाना बनाया, जहां वे पीछे के रास्ते से जाली तोड़कर भीतर दािखल हुए। गृहस्वामी नरेश ने बताया कि जिस समय वे परिवार सहित सो रहे थे, तभी तीन नकाबपोश बदमाश कमरे में घुस आए और उन्हें गन प्वाइंट पर ले लिया। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर घर के सारे बक्से और अलमारियां खुलवाईं। डरे-सहमे परिवार के सामने ही बदमाशों ने घर को खंगाल डाला और करीब 87 हजार रुपये नगद व लगभग 6 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। वारदात के बाद जाते-जाते बदमाश नरेश के पुत्र को भी अपने साथ बंधक बनाकर कुछ दूर तक ले गए और परिवार के सदस्यों को बाहर से कमरों में बंद कर दिया। नरेश ने किसी तरह खिड़की की जाली तोड़कर बाहर निकलकर शोर मचाया और अपने भाइयों व पिता को जगाया, जिसके बाद उनका पुत्र कुछ दूरी पर सुरक्षित खड़ा मिला। वारदात यहीं नहीं रुकी, बदमाशों ने भाजपा के पूर्व मंडल कार्यकर्ता एवं पूर्व बीडीसी सदस्य शिव कुमार के घर को भी निशाना बनाया और वहां से मोटरसाइकिल संख्या यूके06 वीवी 0874 लूटकर फरार हो गए। इसके साथ ही गांव के दो अन्य घरों के ताले तोड़ने का भी प्रयास किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में क्षेत्रधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी व थाना प्रभारी प्रदीप मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। क्षेत्रधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए चार विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं जो आसपास के क्षेत्रें में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटी गई संपत्ति बरामद कर ली जाएगी। इधर, लगातार हो रही लूट की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है और उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने व सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *