Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

विधायक अरविंद पांडेय ने कहा : राजनीतिक स्वार्थ के चलते माहौल बिगाड़ने की कर रहे कोशिश

बाजपुर। जमीन विवाद के मामले में लगातार बढ़ रहे आरोपों के बीच गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के चलते माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फ्सिस्टम जिसके हाथ में है, उसे अपने राजनीतिक फायदे के लिए लोगों के बीच दुश्मनी नहीं बढ़ानी चाहिए। यदि किसी अधिकारी या व्यक्ति ने कोई गलत कार्य किया है तो सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन बिना वजह किसी को बदनाम करने की अनुमति नहीं होनी चाहिए। विधायक पांडेय ने कहा कि भूमि विवाद जैसे संवेदनशील मामलों में लोगों को कानून पर भरोसा रखना चाहिए और किसी भी तरह की गलतफहमी से बचना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी धड़ा उनके राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए निराधार आरोपों का सहारा ले रहा है, जबकि जमीन से जुड़े मामलों की जांच का अधिकार प्रशासन के पास है और वही तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर निर्णय लेगा। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी तत्व सोशल मीडिया और जनभावनाओं को भड़काकर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच कर वास्तविक सच्चाई जनता के सामने लाई जाए, ताकि बेवजह फैलाए जा रहे भ्रम पर रोक लग सके। विधायक पांडेय ने दोहराया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी पाई जाती है तो वह स्वयं भी कार्रवाई के पक्ष में खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य समाज में सौहार्द बढ़ाना होना चाहिए, न कि नफरत फैलाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *