February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी दस हजार का ईनामी गिरफ्तार

रूद्रपुर। कोतवाली गदरपुर पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10,000 के इनामी अपराधी विवेक दास को गिरफ्तार किया। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के सख्त निर्देशों के तहत यह कार्रवाई की गई। विवेक दास पुत्र सुधाशु दास, निवासी ग्राम पिपलिया नम्बर-01, गदरपुर, नाबालिग के अपहरण और पोक्सो अधिनियम के तहत दुष्कर्म के मामले में फरार था। मामले की गंभीरता को देखते हुए 19 मई 2025 को वादी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। उसी दिन से अभियुक्त की तलाश शुरू हुई और एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने विशेष पुलिस टीम गठित कर उसे पकड़ने के निर्देश दिए। अभियुक्त पर 10,000 का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने अभियुक्त की लोकेशन मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी प्लेटफॉर्म के माध्यम से ट्रेस की। विवेक दास उत्तर प्रदेश के अयोध्या से पश्चिम बंगाल तक फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने लगातार दबिश और निगरानी के बाद उसे रामपुर हेलवारा पोस्ट-सरारासी, निर्माणाधीन एनएच, अयोध्या के पास दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधी एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके विरुद्ध पहले भी माननीय न्यायालय द्वारा गैर जमानती और कुर्की वारंट जारी हो चुके थे। गिरफ्तारी के बाद उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तारी अभियान में पुलिस ने लगभग 2000 किलोमीटर तक लगातार पीछा किया और कई राज्यों में दबिश दी। गिरफ्तार अभियुक्त विवेक दास मूल निवासी ग्राम पिपलिया नम्बर-01, कोतवाली गदरपुर है और वर्तमान में रामपुर हेलवारा पोस्ट-सरारासी, निर्माणाधीन एनएच, अयोध्या में छिपने की कोशिश कर रहा था। गिरफ्तारी अभियान को कोतवाली गदरपुर के प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उप निरीक्षक मुकेश मिश्रा, उप निरीक्षक पूनम रावत, अपर उपनिरीक्षक जितेन्द्र मेहरा और कांस्टेबल रघुवर सिंह एवं भूपेन्द्र आर्या ने अंजाम दिया। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि पुलिस का यह अभियान अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख और तकनीकी तत्परता का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि ऐसे गंभीर मामलों में पुलिस हर संभव प्रयास करती है ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके और अपराधियों को कानून के तहत कठोर दंड दिया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *