दुष्यंत गौतम ने तोड़ी चुप्पी : सनसनीखेज आरोपों के बाद उर्मिला सनावर समेत 28 फेसबुक आईडी वालों और समाचार चैनलों पर कार्यवाही करने की मांग
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार चैनलों को इस तरह की सभी सामग्री को हटाने का अनुरोध किया
देहरादून। उत्तराखंड में बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर पूर्व बीजेपी विधायक सुरेश राठौर के सनसनी ऑडियो वायरल होने के बाद अब भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम ने चुप्पी तोड़ते हुए एक पत्र सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उत्तराखंड सरकार से दुष्प्रचार करने वालों पर कार्यवाही करने की मांग की है। अंकिता हत्याकांड में उर्मिला सनावर की वायरल वीडियो में नाम आने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने सचिव गृह को पत्र भेजा है। उन्होंने इसे आपराधिक साजिश कराते देते हुए मीडिया, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक सामग्री हटवाने व प्रसार पर प्रतिबंध का अनुरोध किया है। सचिव गृह को भेजे पत्र में दुष्यंत गौतम ने कहा है कि वह देशभर में आमजन के बीच एक प्रतिष्ठित सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता हैं। उन्हें जानकारी मिली है कि एक आपराधिक साजिश के तहत कुछ आपराधिक तत्वों ने एक फर्जी और मनगढ़त ऑडियो रिकॉर्डिंग तैयार की है। इस आपराधिक साजिश को आगे बढ़ाने के लिए मीडिया और सोशल मीडिया पर ऐसी घृणित, दुर्भावनापूर्ण और झूठी सामग्री फैला रहे हैं। उन्होंने उर्मिला सनावर समेत 28 फेसबुक आईडी, उनके ई-मेल और फोन नंबर के अलावा नौ इंस्टाग्राम हैंडल, आठ यूट्यूब चैनल और दो एक्स हैंडल का नाम भी इस पत्र में शामिल किया है, जिन पर यह सामग्री प्रसारित की जा रही है। सचिव गृह को लिखे पत्र में संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार चैनलों को इस तरह की सभी सामग्री को हटाने, प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रसारित करने पर प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया। उन्होंने इन सभी सोशल मीडिया अकाउंट से डाउनलोड की गई सामग्री को पत्र के साथ संलग्न कर पेन ड्राइव में भेजा है।
यह जहां से शुरू हुई उसकी इनक्वायरी होनी चाहिए उसके लिए वह तैयार
सोशल मीडिया पर दुष्यंत गौतम ने उर्मिला सनावर की वायरल हो रही वीडियो पर कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर सबूतों के साथ तथ्य पेश करेंगे तो वह राजनीतिक जीवन से सन्यास ले लेंगे। मेरे राजनैतिक एवं सामाजिक जीवन में ईमानदारी, निष्ठा और चरित्र ही मेरी पहचान रही हैं। आज मन की पीड़ा शब्दों के रूप में सामने आई है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी मेरी इस पीड़ा को समझते हुए, न्याय की इस लड़ाई में अन्याय के विरुद्ध मजबूती से मेरे साथ खड़े होंगे।उन्होंने कहा कि वह 47 वर्षाें से राजनीतिक और सामाजिक जीवन में काम कर रहे है। आज तक मेरे चरित्र को लेकर ऐसी बाते नहीं हुई। कुछ असामाजिक लोग मेरी छवि को धूमिल किया जा रहा है। यह जहां से शुरू हुई उसकी इनक्वायरी होनी चाहिए उसके लिए वह तैयार है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने यह षडयंत्र रचा है उसके खिलाफ जांच होगी। हमारी बेटी का नाम लेकर बार बार अपमानित किया जा रहा है। उनको तैयार रहना चाहिए वह उनके खिलाफ कार्यवाही करने वाले हैं।
वायरल ऑडियो-वीडियो को एफएसएल लैब भेजेगी पुलिस
देहरादून पुलिस ने अभिनेत्री उर्मिला के वीडियो को लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि उर्मिला की वीडियो और ऑडियो की जांच के लिए लैब भेजा जायेगा। एसएसपी अजय सिंह ने जांच अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उर्मिला के सभी पिछले सोशल मीडिया वीडियो और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों की बारीकी से जांच की जाए। सोशल मीडिया पर अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले को लेकर वायरल ऑडियो-वीडियो के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वायरल वीडियो-ऑडियो को भी जांच में शामिल करते हुए एफएसएल लैब भेजने की भी तैयारी शुरू कर दी है। उर्मिला पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने बुधवार को नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज दूसरे मुकदमे में कहा है कि उर्मिला पिछले मुकदमे की वजह से उनके खिलाफ अनाप-शनाप वीडियो बना रही है।थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा का कहना है कि जांच चल रही है। ऑडियो-वीडियो की भी जांच कराई जाएगी।
