अंकिता भंडारी मामले को लेकर सरकार के खिलाफ गरजे कांग्रेसी
रुद्रपुर/रामनगर। अंकिता भंडारी हत्याकाण्ड में नया मामला सामने आने के बाद कांग्रेसियों ने बुधवार को डीडी चौक पर प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। इससे पहले बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रीमती मीना शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु गावा और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में डीडी चौक पर एकत्र हुए और नारेबाजी के बीच सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमती मीना शर्मा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के नए मामले ने भाजपा सरकार को पूरी तरह कटघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि जिस वीआईपी को बचाने में सरकार लगी थी, अब किसी भी सूरत में उसे बचाना संभव नहीं है।कांग्रेसियों ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के आरोपियों को सख्त सजा मिले और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो।कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख नेताओं में जिला अध्यक्ष हिमांशु गावा, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीना शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष सी पी शर्मा, वरिष्ठ नेता अनिल शर्मा, पूर्व पार्षद प्रीति साना, सेवादल अध्यक्ष संजीव रस्तोगी, प्रदेश उपाध्यक्ष ममता हालदार, पूर्व पार्षद मालती मौर्या और मोहन भारद्वाज समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे।
रामनगर-बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड की चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। रानीखेत रोड पर उन्होंने भाजपा सरकार का पुतला दहन करते हुए आरोपियों को फांसी की सजा देने और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि आज भाजपा के राज में उत्तराखंड की बहनें और बेटियां असुरक्षित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सशक्तिकरण और सम्मान देने वाली सरकार के बावजूद महिलाएं उत्पीड़न का शिकार हो रही हैं और कई घटनाओं में भाजपा नेताओं की भूमिका सामने आई है। कांग्रेस ने यह भी कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में सरकार ने प्यादों को जेल भेजा, जबकि वरिष्ठ नेताओं को संरक्षण दिया गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष सीबीआई जांच हो, सभी साक्ष्य सुरक्षित रहें और घटना में शामिल आरोपियों को फांसी की सजा मिले। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा
