गणेश गोदियाल ने दिल्ली में दिखाया उर्मिला का वीडियो,वीआईपी की सीबीआई जांच की मांग
नई दिल्ली ( विशेष संवाददाता)| उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नई दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि इस मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है और सरकार आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। प्रेस वार्ता के दौरान महिला का वायरल वीडियो दिखाते हुए गणेश गोदियाल ने दावा किया कि भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर का एक कथित ऑडियो सामने आया है, जिसमें हत्याकांड से जुड़े अहम खुलासों की बात कही जा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि अंकिता पर एक वरिष्ठ भाजपा नेता से जुड़े व्यक्ति के साथ अनुचित दबाव बनाया जा रहा था, जिसके चलते यह जघन्य घटना हुई। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि घटना के समय साक्ष्य नष्ट करने की कोशिशें की गईं अंकिता के कमरे को बुल्डोजर से तोड़ा गया और कथित तौर पर बिस्तर जलाने का प्रयास हुआ। उनके अनुसार, यह सब जांच को प्रभावित करने की साजिश की ओर इशारा करता है। गणेश गोदियाल ने मामले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला सुरक्षा को लेकर संवेदनशीलता की बात करते हैं, लेकिन उत्तराखंड के इस गंभीर मामले में अब तक ठोस कार्रवाई नहीं दिखती। उन्होंने सरकार पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। प्रेस वार्ता के दौरान एक महिला का वायरल वीडियो दिखाते हुए कांग्रेस ने अल्टीमेटम दिया कि यदि 5 जनवरी तक सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठाती है, तो पार्टी अंकिता को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।फिलहाल, भाजपा या संबंधित पक्षों की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
