जोरदार प्रदर्शन के साथ बांग्लादेश के पीएम का पुतला फूंका
रुद्रपुर/रामनगर (उद संवाददाता)। बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद की पीट पीटकर की गई निर्मम हत्या और उसके बाद उसका शव पेड़ से लटकाकर जला देने के मामले से आक्रोशित बंगाली कल्याण समिति के लोगों ने ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बंगाली कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप अधिकारी के नेतृत्व में बांग्लादेश सरकार और प्रधानमंत्री युनूस का पुतला फूंका और घटना की कड़े शब्दों में कड़ी निंदा की। रोषित लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की गई। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप अधिकारी और वरिष्ठ नेता परिमल राय ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार चिंता का विषय हैं और इस तरह की घटनाएं मानवता को शर्मसार करती हैं। उन्होंने भारत सरकार से भी इस मामले में कूटनीतिक स्तर पर हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार पर रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए गए तो इसके विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन किया जायेगा। इस मौके पर अंगद भारद्वाज, सुमित राय, सुमित मंडल, सुब्रत विश्वास, अभिमन्यु साना, पार्षद शुभम दास, विश्वजीत मंडल, राज चक्रवर्ती, पंकज दास, मानस बैरागी, एसपी सरकार सहित कई लोग मौजूद रहे।
रामनगर। मंगलवार को रामनगर के रानीखेत रोड पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश के खिलाफ पुतला दहन करते हुए जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा और जिहादी मानसिकता के विरोध में अपनी आवाज बुलंद की। विश्व हिंदू परिषद के जिला धर्म प्रचारक प्रमुख हृदयेश शर्मा ने कहा कि बांग्लादेश में जिहादी मानसिकता लगातार बढ़ रही है और हिंदू समाज के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मानसिकता को भारत में किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा और इसका विरोध पूरे देश में किया जाएगा। हृदयेश शर्मा ने बताया कि हाल ही में बांग्लादेश में एक हिंदू व्यक्ति को नग्न अवस्था में पेड़ में टांगकर हत्या करने की घटना पूरे देश को शर्मसार कर देने वाली है। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता देश के हर हिस्से में जिहादी मानसिकता के प्रसार का विरोध करेंगे। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आईपीएल या अन्य खेलों में बांग्लादेश के खिलाड़ी भारत में भाग लेंगे, तो इसका भी विरोध किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की और कहा कि जिहादी मानसिकता किसी भी कीमत पर सहन नहीं की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियाँ और बैनर लेकर विरोध प्रदर्शन किया और बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा के खिलाफ अपनी नारेबाजी जारी रखी।
