चमोली में भालू का आतंक, स्कूल की कक्षा में घुसकर छात्र को झाड़ियों में उठा ले गया, एक छात्र घायल
चमोली। जनपद चमोली के पोखरी ब्लॉक स्थित हरिशंकर गांव से एक गंभीर घटना सामने आई है। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरिशंकर में सोमवार सुबह भालू के अचानक घुस आने से स्कूल परिसर में दहशत फैल गई। भालू ने कक्षा में मौजूद बच्चों पर हमला कर दिया और एक छात्र आरव को उठाकर पास की झाड़ियों में ले गया।घटना प्रातः करीब 9:15 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भालू ने छात्र पर नाखूनों से हमला किया, जिससे उसके कपड़े फट गए और वह घायल हो गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर एक छात्रा और शिक्षक मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर भालू को भगाया। इसके बाद घायल छात्र को झाड़ियों से सुरक्षित बाहर निकाला गया।विद्यालय के अध्यापक उपेंद्र सती ने बताया कि भालू अचानक स्कूल के अंदर घुस आया, जिससे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों और अभिभावकों में भय का माहौल है। विद्यालय प्रशासन ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से स्कूल परिसर व आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


इससे पूर्व भी क्षेत्र में भालू ने हमला कर एक स्कूली छात्र को घायल कर दिया था। मामला शनिवार सुबह का है, जब जूनियर हाईस्कूल हरिशंकर में पढ़ने वाले कक्षा 7 के छात्र देवेश पर स्कूल जाते समय भालू के बच्चे ने हमला कर दिया। हालांकि गनीमत रही कि समय रहते साथ चल रहे छात्र की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और छात्र को केवल हल्की चोटें आईं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवेश अपने गांव से कक्षा 6 के छात्र पकेश के साथ रोज की तरह स्कूल जा रहा था। जैसे ही दोनों छात्र जंगल से सटे रास्ते पर पहुंचे, अचानक झाड़ियों के बीच से भालू का एक बच्चा निकल आया। भालू के बच्चे ने देवेश के पैर को पकड़ लिया और अपने नाखूनों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से दोनों छात्र घबरा गए। हालांकि इस दौरान देवेश के साथ चल रहे पकेश ने साहस और समझदारी का परिचय दिया। उसने तुरंत भालू के बच्चे पर पत्थर फेंकने शुरू किए और जोर-जोर से शोर मचाया। पकेश की इस बहादुरी से घबराकर भालू का बच्चा जंगल की ओर भाग गया। यदि कुछ पल की भी देरी होती, तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी।

