Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

लमगड़ा में बुजुर्ग महिला का शव मिलने से हड़कंप,गले में पहना गुलोबंद साफ

अल्मोड़ा। लमगड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। घटना के दौरान मृतका घर में अकेली थी। बेड पर उसका शव पड़ा मिला। और उसके गले में पहना गुलोबंद भी गायब है। गले में गहरे निशान भी पाए गए। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को हत्या से जोड़ कर देख रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। यह घटना चौदह नवंबर की रात की बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सांगड़ साहु गांव निवासी 60 वर्षीय गंगा देवी पत्नी मोहन सिंह घर में अकेली रहती थी। उनके पति मोहन सिंह लमगड़ा में रेस्टारेंट संचालित करते हैं। वह कभी कभी ही घर जाते हैं और अधिकांश समय लमगड़ा में ही रहते है। गत चौदह नवंबर यानि शुक्रवार की सुबह जब मृतका काफी समय तक नहीं उठी तो पड़ोस के लोगों को शक हुआ। पड़ोसियों ने जाकर देखा तो दरवाजे खुले हुए थे और महिला बेड पर मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। उसके गले कानों से खून बह रहा था। और गले में गहरे निशान थे। पड़ोसियों ने इसकी जानकारी मृतका के पति मोहन सिंह को दी। जिसके बाद वह घर पहुंचे। मृतका का एक बेटा व दो बेटियां हैं। बेटियों की शादी हो चुकी है। बेटा चड़ीगढ़ में नौकरी करता है। रविवार सुबह मृतका का बेटा घर पहुंचा। जिसके बाद परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद लमगड़ा थाना पुलिस मौके पर घटनास्थल पहुंची। मामला संदिग्ध होने के चलते एसएसपी देवेंद्र पींचा और सीओ गोपाल दत्त जोशी ने भी घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला ने गले में गोलबंद पहना हुआ था, जो गायब है। जबकि घर में रखी अन्य ज्वैलरी सुरक्षित है। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। देर शाम खबर लिखने तक परिजनों ने मामले में कोई तहरीर नहीं सौंपी थी। देवेंद्र पींचा, एसएसपी, अल्मोड़ा ने बताया कि मामला संदिग्ध होने के चलते एफएसएल व एसओजी की टीम मौके पर गई थी। टीम द्वारा घटना से संबंधित जरूरी साक्ष्य जुटा लिए गए है। मृतका के गले में पड़े गहरे निशान व ब्लडिंग होने से मामला संदिग्ध है। और यह मामला हत्या से जुड़ा हो सकता है। परिजनों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को देरी से क्यों दी गई, यह भी संदिग्ध है। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना से जुड़ी सही जानकारी प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *