Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

राज्य स्थापना की रजत जयंती पर काशीपुर में शहरी विकास सम्मेलन आयोजित

मुख्यमंत्री धामी ने कहा : 52 नगर निकायों में 115 अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए जा रहे
काशीपुर(उद संवाददाता)। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत काशीपुर में सोमवार को शहरी विकास सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और जनसमूह ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्र पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि यह अवसर उपलब्धियों को साझा करने के साथ-साथ आने वाले 25 वर्षों के लिए नए संकल्प लेने का भी है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के शुरुआती वर्षों में संसाधनों की कमी और भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद उत्तराखण्ड ने विपरीत परिस्थितियों को मात देकर विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा हमारे गांव राज्य की आत्मा हैं और शहर हमारे सपनों का आकार। इसी सोच के साथ सरकार ने शहरी विकास को अपनी प्राथमिकताओं के केंद्र में रखा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब राज्य के शहरी निकाय न केवल मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं बल्कि नगरों के भविष्य की दिशा तय करने में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य गठन के समय जहां केवल 63 स्थानीय निकाय और एक नगर निगम (देहरादून) हुआ करता था, वहीं आज राज्य में 160 निकाय और 11 नगर निगम कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2001 में शहरी विकास का बजट मात्र 56 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 1300 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं ने लोगों के जीवन में बड़ा परिवर्तन लाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 82 करोड़ से अधिक की लागत से 52 नगर निकायों में 115 अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से लगभग 40 का संचालन प्रारंभ हो चुका है। आगामी एक माह में सभी केन्द्रों का संचालन शुरू हो जायेगा। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक नगर निकाय में रजत जयंती पार्क का निर्माण कराया जा रहा है, जिनमें से 57 पार्कों को मंजूरी दी जा चुकी है। धामी ने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से विकसित भारत और विकसित उत्तराखण्ड के स्वप्न को साकार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एक जनपद दो उत्पाद योजना और हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड के माध्यम से पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, फार्म मशीनरी, नई पर्यटन नीति, फिल्म नीति, होमस्टे और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति दी जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *