राष्ट्रपति के भ्रमण कार्यक्रम पर किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं : सतर्कता बरतने के निर्देश
राष्ट्रपति के दो दिवसीय प्रस्तावित दौरे को लेकर एडीजी और आईजी ने ली अधिकारियों की ब्रीफिंग
नैनीताल। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के जनपद नैनीताल के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में आज अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड श्री वी. मुरुगेशन तथा कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल ने डयूटी पर तैनात अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग ली।इस दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की और उपस्थित पुलिस बल को सतर्कता एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी अधिकारी अपने निर्धारित स्थानों पर समय से मौजूद रहकर सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करें। एडीजी और आईजी ने बल को जनता के प्रति विनम्र व्यवहार बनाए रखने के साथ-साथ सुरक्षा के दृष्टिकोण से हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नैनीताल में राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए सभी इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्य किया जाए। महामहिम राष्ट्रपति जी के प्रस्तावित नैनीताल दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चौकसी बरती जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिले भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर हर स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है। रविवार को उत्तराखंड के एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने नैनीताल पहुंचकर फोर्स ब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। एडीजी ने वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था के तहत कई सख्त प्रोटोकॉल लागू करने के निर्देश दिए हैं। जनपद में एंटी ड्रोन टीम को सक्रिय किया गया है और ड्रोन के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। बम निरोधक दस्ता, एलआईयू, एटीएस और एसडीआरएफ को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिले की सीमाओं पर सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है, जबकि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की निगरानी बढ़ा दी गई है। जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन को भी सुदृढ़ किया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आए। फोर्स ब्रीफिंग के दौरान कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना श्री करन सिंह नगन्याल, जिलाधिकारी नैनीताल श्री ललित मोहन रयाल, सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी श्री यशवंत सिंह, सेनानायक 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर श्री पंकज भट्टठ्ठ, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा श्री देवेंद्र पींचा, पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ श्रीमती रेखा यादव, पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चंद्रशेखर आर. घोड़के, पुलिस अधीक्षक चंपावत श्री अजय गणपति कुम्भार, पुलिस अधीक्षक क्षेत्रीय हल्द्वानी श्री हरीश वर्मा, अपर जिलाधिकारी नैनीताल श्री विवेक राय, अपर जिलाधिकारी वित्त श्री शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल सहित पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिले में सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती बढ़ा दी गई है और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि इस दौरान किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी और वीवीआईपी दौरे को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।



