सीएम ने सांसद खेल महोत्सव का किया शुभारंभ: कबड्डी खेलकर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
देहरादून(उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का फीता काटकर और दीप जलाकर विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों के बीच जाकर उनसे मुलाकात की और उनके उत्साहवर्धन के लिए कबड्डी भी खेली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से पूरे देश में आयोजित हो रहे सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य गांव-गांव से खेल प्रतिभाओं की खोज करना और उन्हें जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। उत्तराखण्ड में यह खेल महोत्सव तीन अलग-अलग चरणों में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव युवाओं को सशक्ति ऊर्जा और आत्मविश्वास प्रदान करने के साथ ही खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का भी माध्यम बनेगा। इसके माध्यम से फिट इंडिया, स्पोर्ट इंडिया और स्ट्रॉंग इंडिया के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा और स्थानीय पारंपरिक एवं लोक खेलों को प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रत्येक बच्चे को खेलने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा तथा नशा मुक्त समाज की दिशा में युवाओं को प्रेरित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है और वैश्विक स्तर पर भी अपना विशिष्ट स्थान बना रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत में खेल के हर क्षेत्र में खिलाड़ी देश का तिरंगा ऊँचा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड में हाल ही में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर इतिहास रचा है। आज उत्तराखण्ड खेलों के लिए विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में देश के प्रमुख राज्यों में शामिल हो गया है और अब राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं भी आयोजित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उत्तराखण्ड को खेल भूमि के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से स्पोर्ट्स लीगेसी प्लान लागू कर रही है। इसके अंतर्गत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी, जिनमें हर वर्ष 920 विश्वस्तरीय एथलीट और 1,000 अन्य खिलाड़ी उच्च स्तर का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश का पहला स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय और पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज खोला जाएगा। सरकार ने नई खेल नीति भी लागू की है, जिसके तहत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त खेल रत्न पुरस्कार और हिमालय खेल रत्न पुरस्कार से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। राजकीय सेवाओं में खिलाड़ियों के लिए 4 प्रतिशत खेल कोटा भी पुनः लागू किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना है, जो जीवन के हर क्षेत्र में शिक्षा देती है। सफलता का मूल मंत्र विकल्प रहित संकल्प और कड़ी मेहनत है। उन्होंने सभी युवाओं से अपील की कि वे खेल महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मेहनत करें। कार्यक्रम में सांसद नरेश बंसल ने नवोदय विद्यालय में बॉलीबॉल कोट और बैडमिंटन कोर्ट के साथ ही बालक बालिकाओं के मैस के फर्नीचर की मांग सांसद निधि से पूर्ण करने की घोषणा की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक खजान दास, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, सीडीओ अभिनव शाह और सिद्धार्थ बंसल भी उपस्थित थे।
