सड़क सुरक्षा हेतु एनएच और लोनिवि विभाग की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश
बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि मुख्य जिला सड़कों एवं अन्य संपर्क मार्गों की गुणवत्ता और मजबूती पर निरंतर निगरानी रखी जाए।सड़क सुरक्षा हेतु विभिन्न मार्गों में सुरक्षा के प्रभावी उपाय किए जाए। खासकर दुर्घटना सम्भावित स्थलों पर क्रश बैरियर लगाकर प्रभावी उपाय किए जाने हेतु कार्यदायी विभाग तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करे। बैठक में नेशनल हाइवे मोटर मार्ग के सहायक अभियंता पी.पी.गोस्वामी, लोनिवि अभियंता संजय कुमार पांडे, ने विभागीय प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने एनएच एवं पीडब्ल्यूडी द्वारा भूमि अधिग्रहण के कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 15 दिन के भीतर नियमानुसार कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जनपद में किए जा रहे पैचवर्क की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं होने पर जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए कहा कि कार्य की गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। एनएच अंतर्गत अल्मोड़ा बागेश्वर राजमार्ग के कार्य में तेजी लाए जाने के साथ साथ लोनिवि कपकोट के अंतर्गत पढ़ने वाले मोटर मार्गों के कार्यों की गुणवत्ता को बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में सभी अधिकारियों को निर्माण कार्या में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्तापूर्ण कार्य नही कराने, एवं किसी भी प्रकार से कोई विभागीय लापरवाही पाए जाने पर सम्बन्धित विभाग के अवर अभियंता के अलावा अधिशासी अभियंता के खिलाफ जांच में दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य सम्बन्धी प्रकरणों में शासन स्तर पर लंबित प्रकरणो के समाधान हेतु सचिव स्तर से वार्ता कर उन्हें निस्तारित किए जाने के प्रयास किए जायेंगे। बैठक में सीडीओ आर सी तिवारी ने सभी अधिकारियों को निर्माण कार्य हेतु अवमुक्त हुई धनराशि का समयबद्ध होकर सदुपयोग करने, तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए।इस दौरान सीडीओ आर सी तिवारी, लोनिवि कपकोट के अधिशासी अभियंता अमित पटेल, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी दिनेश रावत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
