लाखों की चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार
एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
हल्द्वानी।एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने कोतवाली हल्द्वानी पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में करीब 2 किलो 20 ग्राम अवैध चरस के साथ एक नशा तस्कर को धर दबोचा। ड्रग्स-फ्ी देवभूमि अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत भुल्लर के निर्देशों पर संचालित इस मुहिम में कुमाऊँ यूनिट ने डिग्री कॉलेज हल्द्वानी के पास से प्रभावी छापेमारी कर कार्रवाई अंजाम दी। प्रभारी निरीक्षक एसटीएफ पावन स्वरूप के नेतृत्व में की गई पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने माना कि चरस उसने चम्पावत के नौलिया गांव से खरीदी थी और इसे मैदानी इलाकों में ऊँचे दामों पर बेचने के इरादे से लाया था। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नारायण परगई पुत्र हरकिशन परगई,ग्राम कुकना, ओखलकांडा, थाना मुक्तेश्वर के रूप में हुई है, जो वर्तमान में जय दुर्गा कॉलोनी, हल्द्वानी में रह रहा है। आरोपी के कब्जे से बरामद कुल 2 किलो 20 ग्राम चरस की बाजार कीमत तकरीबन 12 लाख आंकी जा रही है। पूछताछ में उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी चरस तस्करी के मामले में जेल जा चुका है और जमानत पर छूटने के बाद फिर से तस्करी का धंधा शुरू कर बैठा था। एसटीएफ की टीम को पूछताछ के दौरान कई अन्य नशा तस्करों के नामों की जानकारी मिली है और उन पर भी अलग से कार्रवाई की योजना बनाई जा रही है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी विस्तृत रूप से खंगाला जा रहा है। इस कार्रवाई में निरीक्षक पावन स्वरूप, एस आई विपिन चंद्र जोशी, एसआई विनोद चंद्र जोशी, एएसआई जगवीर शरण, हेड कां- मनमोहन सिंह, आरक्षी वीरेंद्र चौहान व आरक्षी इसरार अहमद तथा कोतवाली हल्द्वानी की टीम वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सागर, एएसआई अशोक कुमार व आरक्षी रणबीर सिंह शामिल रहे।
