February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

केदारनाथ में 17.68 लाख और बद्रीनाथ धाम में 15.40 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए

देहरादून। केदारनाथ धाम की 175 दिन की यात्रा में बाबा केदार के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं ने रिकॉर्ड बनाया है। बीते वर्ष की तुलना में इस बार सवा लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। बृहस्पतिवार को कपाट बंद होने तक श्रद्धालुओं की कुल 17.68 लाख दर्ज की गई। उत्तरकाशी जिले में आई आपदा से गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में इस बार संख्या कम रही।केदारनाथ धाम के कपाट दो मई को खुले थे। बृहस्पतिवार को भैया दूज के दिन विधि-विधान व मंत्रोच्चारण के साथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो गए। केदारनाथ धाम में कुल 17,68,795 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए, जो पिछले वर्ष 2024 के 16,52,076 तीर्थ यात्रियों की तुलना में लगभग सवा लाख अधिक है। बदरीनाथ धाम में इस बार तीर्थ यात्रियों की संख्या ने रिकॉर्ड बनाया है। बदरीनाथ में अब तक कुल 15.40 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। जबकि धाम के कपाट 25 नवंबर को बंद होंगे। उत्तरकाशी जिले के धराली व हर्षिल क्षेत्र में आई आपदा से गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की यात्रा कई दिनों बंद रही। जिस कारण से दोनों धामों में बीते वर्ष की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या कम रही। पिछले साल यमुनोत्री धाम में 7.14 लाख व गंगोत्री धाम में 8.18 लाख ने दर्शन किए थे। इस बार गंगोत्री धाम में 7.58 लाख व यमुनोत्री धाम में 6.45 लाख श्रद्धालु पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *