केबीसी से लखपति होकर लौटीं उत्तराखंड की बेटी एंजल नैथानी
देहरादून। देव भूमि की बेटियों अब हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का डंका बजाते हुए राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। अब टीवी का मशहूर क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति सीजन-17 के जूनियर स्पेशल जैसे बड़े मंच पर उत्तराखंड की 11 वर्षीय बेटी ने कमाल कर दिखाया है। इस मंच से लखपति बन लौटीं उत्तराखंड की बेटी एंजल नैथानी ने प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने अपनी प्रतिभा से इस कार्यक्रम में न सिर्फ 12.5 लाख रुपये जीते बल्कि अपने आत्मविश्वास और अंदाज से सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का भी दिल जीत लिया। दून पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। जूनियर स्पेशल की हॉट सीट पर बैठने वाली एंजल उत्तराखंड की पहली बेटी हैं। मूल रूप से पौड़ी जिले की रहने वाली एंजल अपने परिवार के साथ मालदेवता के केसरवाला गांव में रहती हैं। उनके पिता मुकेश कुमार नैथानी सचिवालय राज्य संपत्ति विभाग में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। मां प्रीती नैथानी गृहणी हैं। मुकेश कुमार नैथानी ने बताया कि एंजल बीते दो साल से इस कार्यक्रम की तैयारी कर रही थीं। इस साल जब उनका चयन हुआ तो परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। हॉट सीट पर बैठने से पहले एजंल ने ऑडिशन, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार जैसे महत्वपूर्ण पड़ाव पार किए। 11 वर्षीय एंजल सहस्रधारा रोड स्थित एक निजी विद्यालय में छठी कक्षा की छात्रा हैं। एंजल नैथानी की इस सफलता पर राज्यवासियों ने अपार हर्ष व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी अ।ैर उसके उज्जवल भविष्य की कामना की। छात्रा एंजल ने बताया कि हमेशा अपने परिजनों का सहयोग मिला है जिसकी बदौलत यह मुकाम हासिल किया।
